विधानभवन की पहली मंजिल पर लगी आग, डिप्टी सीएम के कमरे की AC में हुआ था शार्टसर्किट

विधानभवन
विधानभवन में लगी आग को देखते कर्मी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। विधानभवन के प्रथम तल पर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। ये आग प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के कार्यालय कक्ष में लगे एयर कंडीशनर (एसी) की यूनिट में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाई।

आग लगने के समय विधानभवन में सामान्य गतिविधियां चल रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सबसे पहले कमरे से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद वहां मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना अधिकारियों को दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार्यालय में लगे एयर कंडीशनर (एसी) की यूनिट में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की थीं।

आग लगने की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्रों का उपयोग किया और आग पर शुरुआती स्तर पर ही काबू पा लिया। उनकी तत्परता के कारण आग अन्य कमरों तक नहीं फैल सकी। अगर समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो विधान भवन जैसे संवेदनशील परिसर में बड़ा नुकसान हो सकता था।

यह भी पढ़ें- विधानभवन व हाईकोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

हादसे के तुरंत बाद सुरक्षा अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को ही आग का मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- गोमतीनगर पासपोर्ट ऑफिस को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप