कांग्रेस को योगी आदित्‍यनाथ का झटका, पूर्व सांसद राजकुमारी रत्‍ना को बीजेपी में किया शामिल

राजकुमारी रत्‍ना सिंह
राजकुमारी रत्ना सिंह। (फाइल फोटो)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश में संगठन मजबूत करने में जुटी कांग्रेस को झटका लगा है। मंगलवार को प्रतापगढ़ की पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता राजकुमारी रत्‍ना सिंह अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में आज दोपहर रत्‍ना सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।

रत्‍ना उत्तर प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी प्रियंका गांधी से नाराज बताई जा रही थीं। पहले राजकुमारी के बीजेपी में शामिल होने का कार्यक्रम लखनऊ में था, लेकिन इस बीच विधानसभा उपचुनाव की सरगर्मी बढ़ने से इसमें बदलाव किया गया, जिसके बाद आज सीएम योगी ने उनको भाजपा की पट्टी पहनाकर बीजेपी की सदस्‍यता दिलायी।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने जारी किया विधायक अदिति सिंह को कारण बताओं नोटिस, दो दिन में मांगा जवाब

बताते चलें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रतापगढ़ के गड़वारा बाजार में सदर उपचुनाव प्रत्याशी राजकुमार पाल के समर्थन में जनसभा करने पहुंचे थे। यहां मंच पर उनके साथ अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल, कैबिनेट मंत्री मोती सिंह, स्वामी प्रसाद मौर्या तथा प्रतापगढ़ के सांसद संगम लाल गुप्ता भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस के पूर्व मंत्री संजय सिंह और अमिता सिंह भाजपा में शामिल, सपा के इन दिग्‍गज नेताओं का भी हुआ BJP में स्‍वागत

गौरतलब है कि रत्‍ना सिंह पूर्व विदेश मंत्री स्वर्गीय राजा दिनेश सिंह की बेटी हैं। राजा दिनेश सिंह प्रतापगढ़ से चार बार और उनकी बेटी रत्‍ना सिंह तीन बार 1996, 1999 और 2009 में सांसद रह चुकी हैं। रत्‍ना का परिवार शुरू से ही कांग्रेस के साथ रहा है। इनके परिवार में रामपाल सिंह कांग्रेस के संस्थापक सदस्य थे। पिता राजा दिनेश सिंह कांग्रेस की सरकार में विदेश मंत्री रहें हैं।

दिनेश सिंह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के बहुत करीबी भी थे। इसके चलते नेहरू-गांधी परिवार उनको महत्व देता था। बिना सांसद रहे भी उन्हें मंत्री बनाया गया था।

यह भी पढ़ें- AAP छोड़ने के बाद अलका लांबा की कांग्रेस में वापसी, कहा महसूस कर रहीं हूं गर्व