AAP छोड़ने के बाद अलका लांबा की कांग्रेस में वापसी, कहा महसूस कर रहीं हूं गर्व

अलका लांबा
कांग्रेस नेताओं के साथ अलका लांबा।

आरयू वेब टीम। आम आदमी पार्टी की पूर्व नेता और चांदनी चौक की पूर्व विधायक अलका लांबा ने शनिवार को कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। अलका ने आज कांग्रेस की औपचारिक सदस्यता ग्रहण कर वापसी की। उन्होंने सदस्यता के लिए पांच रुपये की पर्ची कटाई। इस मौके पर दिल्ली के पार्टी प्रभारी पीसी चाको भी मौजूद थे।

अलका लांबा ने कांग्रेस के अकबर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की, जिसके बाद उन्‍होंने सोशल मीडिया के माध्‍यम से ट्वीट कर कहा कि, ‘आज कांग्रेस सदस्य बनने पर गर्व महसूस कर रही हूं।’ लांबा ने एक महीने पहले ही आप से इस्तीफा दिया था। वह पहले शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल होने वाली थीं, लेकिन कुछ कारणों से नहीं हो सकीं।

यह भी पढ़ें- हरियाणा में कांग्रेस ने जारी किया मेनिफेस्‍टो, किसानों को बिजली फ्री तो महिलाओं को हर महीने मिलेंगे चूल्हा खर्च के दो हजार

बता दें कि अलका लांबा ने आप से इस्तीफा देने की घोषणा करते हुए ट्वीट किया था कि आप को अलविदा कहने का समय आ गया है। मुझे छह साल में यहां बड़े सबक सिखाने को मिले। पार्टी छोड़ते हुए अलका ने आरोप लगाया था कि आम आदमी पार्टी से ‘खास आदमी पार्टी’ बन गई है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने जारी किया विधायक अदिति सिंह को कारण बताओं नोटिस, दो दिन में मांगा जवाब

वहीं 2015 में ‘आप’ में शामिल होकर चांदनी चौक विधानसभा से चुनाव लड़ने से पहले लांबा ने कांग्रेस से अपना 20 साल पुराना नाता तोड़ लिया था। लांबा को दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने दलबदल के आधार पर 19 सितंबर को अयोग्य घोषित कर दिया था।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने सुप्रिया श्रीनेत को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बनाया राष्ट्रीय प्रवक्‍ता