आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया है। ये एग्जाम 2025 में हुई थी, जिसे लेकर विवाद चल रहा था। अब हाईकोर्ट ने यूपी लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) को दोबारा मेरिट लिस्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। यानी अब रिजल्ट दोबारा जारी किया जाएगा।
दरअसल यूपी पीसीएस की मेंस परीक्षा भी हो चुकी है और इंटरव्यू प्रोसेस भी पूरा हो चुका है, इसी बीच हाईकोर्ट ने ये फैसला दिया है। अब नए सिरे से मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू लिए जाएंगे। ये पूरा मामला मेधावी आरक्षित वर्ग के छात्रों को अनारक्षित कैटेगरी में शामिल नहीं किए जाने से जुड़ा है।
यह भी पढ़ें- किस्त न भरने पर गुंडों से गाड़ी नहीं उठवा सकती फाइनेंस कंपनी, हाईकोर्ट का सख्त आदेश
हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों ने कहा था कि उनके नंबर जनरल कैटेगरी के आखिरी चयनित उम्मीदवार से ज्यादा थे, इसके बावजूद उन्हें जनरल कैटेगरी में शामिल नहीं किया गया। ओपन कैटेगरी में शामिल नहीं किए जाने की वजह से उन्हें मेंस परीक्षा में बैठने का मौका नहीं मिला। इसके लिए उम्मीदवारों ने मेरिटोरियस रिजर्व कैटेगरी के नियमों का हवाला दिया था। अब इस पर हाईकोर्ट ने फिर से रिजल्ट जारी करने का आदेश दिया है।
उम्मीदवारों को मेरिट लिस्ट में करना होगा शामिल
यूपी लोक सेवा आयोग की पीसीएस परीक्षा को लेकर हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने ये आदेश जारी किया है। जस्टिस मनीष कुमार निगम की बेंच ने याचिकाकर्ताओं की दलीलों को मान लिया और कहा कि प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट ठीक करके दोबारा जारी किया जाए। अब आयोग को उन उम्मीदवारों को मेरिट लिस्ट में शामिल करना होगा, जो जनरल कैटेगरी की कटऑफ जितने नंबर लेकर आए थे, लेकिन उन्हें इस कैटेगरी से बाहर रखा गया।
मेरिट लिस्ट में होगा बदलाव
हाईकोर्ट के इस आदेश का पूरी परीक्षा पर असर पड़ने वाला है। दोबारा रिजल्ट जारी होने के बाद मेरिट लिस्ट में बदलाव होगा और कुछ उम्मीदवार मेंस में बढ़ जाएंगे। सबसे ज्यादा नुकसान उन अभ्यर्थियों को होगा, जो पहले ही मेंस क्लियर कर चुके हैं और इंटरव्यू भी दे चुके हैं। इन सभी को फाइनल मेरिट लिस्ट का इंतजार था।


















