आरयू वेब टीम। थाइलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 को हवा में जबरदस्त टर्बुलेंस (हवा के झटकों) का सामना करना पड़ा। इससे अचानक हवा में तेज झटके लगने यात्रियों में हड़कंप मच गया। इस घटना में कई यात्रियों को चोट लगने की सूचना है।
फ्लाइट ट्रैकिंग साइट के मुताबिक फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हवा के तेज झोंकों (टर्बुलेंस) की वजह से विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया। इस घटना में कुछ यात्रियों और क्रू मेंबर्स को चोटें आईं। ऐसा टर्बुलेंस या हवा के ऊपर- नीचे के बहाव (अपड्राफ़्ट/डाउनड्राफ्ट) की वजह से हुआ हो सकता है।
यह फ्लाइट सुबह 8:25 बजे फुकेत से रवाना हुई और सुबह 11:50 बजे (भारतीय मानक समय) दिल्ली में सुरक्षित उतरी। लैंडिंग के बाद सभी यात्री और क्रू सुरक्षित बाहर निकल आए। एयर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार चार अगस्त को फुकेत से दिल्ली जाने वाली फ़्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए टर्बुलेंस (हवा के झटकों) का सामना करना पड़ा, जिससे विमान की ऊंचाई में अचानक थोड़ा बदलाव आया।
विमान दिल्ली में सुरक्षित रूप से उतर गया और सभी यात्री व क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर आ गए। जिनमें कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों को चोटें आई हैं और जिन्हें मेडिकल जांच की जरूरत है, उन्हें एहतियात के तौर पर जांच और देखभाल के लिए एयर इंडिया की एयरपोर्ट टीम और मेडिकल स्टाफ द्वारा एयरपोर्ट पर ही मेडिकल सुविधा केंद्र ले जाया गया है।
साथ ही कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और भलाई एयर इंडिया के लिए सबसे जरूरी है। हम प्रभावित लोगों को हर जरूरी मदद दे रहे हैं और जांच के सिलसिले में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं। इससे पहले अभी हाल में ही दिल्ली से वडोदरा जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में उड़ान के दौरान विंडो का अंदरूनी कवर निकल गया था। इससे यात्री घबरा गए थे।
गौरतलब है कि घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें एक पुरुष यात्री को एम्बुलेंस में ले जाते हुए देखा गया। उसके चेहरे और सिर पर पट्टी बंधी थी, जिससे उसकी एक आंख पूरी तरह ढकी हुई थी। जोकि टर्बुलेंस की घटना में लगी चोट की गंभीरता को दिखा रहा था। एयर इंडिया की एक महिला क्रू मेंबर को व्हीलचेयर पर ले जाते हुए देखा गया, जिसके गले में कॉलर लगा हुआ था।




















