खड़गे के मंच शुद्धिकरण के विरोध में कांग्रेस का लखनऊ में प्रदर्शन, अजय राय ने भी योगी आदित्यनाथ पर किया मानहानि का मुकदमा

मंच शुद्धिकरण विरोध
तनुज पुनिया व अन्‍य कांग्रेस नेताओं को प्रदर्शन करने से रोकती पुलिस। (फोटो- आरयू)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। कांग्रेस सुप्रीमो मल्लिकार्जुन खड़गे के मंच का शुद्धिकरण किये जाने के खिलाफ काग्रेस नेताओं का गुस्‍सा कम नहीं हो रहा है। मंगलवार को इसी क्रम में सूबे की राजधानी लखनऊ में भी कांग्रेस ने प्रदर्शन कर दोषियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। दूसरी ओर कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष अजय राय ने यूपी के सीएम योगी आदित्‍यनाथ के मछली खाने वाले बयान से नाराज होकर उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा आज दायर किया है।

हजरतगंज जीपीओ पार्क स्थित गांधी प्रतिमा के सामने यूपी कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति के चेयरमैन व बाराबंकी से लोकसभा सांसद तनुज पुनिया के नेतृत्व में जुटे कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

निरस्‍त हो राहुल गांधी पर दर्ज FIR

तनुज पुनिया ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के मंच के शुद्धिकरण करने के दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया जाना चाहिये।साथ ही इस दलित विरोधी कृत्य के खिलाफ आवाज उठाने पर जननायक राहुल गांधी के विरूद्ध दर्ज की गयी फर्जी एफआइआर को भी भाजपा सरकार तत्काल निरस्त करे।

जबरन वाहनों में भरकर ले गयी पुलिस

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता उमा शंकर पाण्डेय ने बताया कि सांसद तनुज पुनिया के साथ यूपी कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के तमाम कांग्रेसजन प्रदर्शन में शामिल रहे। इसी बीच प्रदर्शन की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सबको गिरफ्तार करतमे हुए जबरन वाहनों में भरकर इको गार्डेन ले गयी, जिन्हें देर शाम वहां रिहा किया गया।

दलित विरोधी है मोदी सरकार

तनुज पुनिया ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कहा कि मोदी सरकार की मानसिकता दलित विरोधी है। दिखावे के लिए नरेंद्र मोदी बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और अन्‍य दलित महापुरूषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण तो करते हैं किन्तु इनके मन में दलितों के प्रति सिर्फ उपेक्षा भरी है।

यह भी पढ़ें- सावरकर को अंग्रेजों का नौकर बताने वाले केस में राहुल गांधी को मिली SC से राहत, हाईकोर्ट लखनऊ बेंच का समन निरस्‍त

लोकसभा सांसद ने हमला जारी रखते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं एवं दलित वर्ग से आते हैं उनकी हल्द्वानी में जनसभा के बाद भाजपा के लोगों द्वारा मंच का शुद्धिकरण किया जाना पूरी तरह संविधान विरोधी कृत्य है। उत्‍तराखंड की भाजपा सरकार अविलम्ब इस कृत्य के दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई करे। साथ ही इस दलित विरोधी कृत्य के खिलाफ आवाज उठाने पर जननायक राहुल गांधी के विरूद्ध दर्ज की गयी फर्जी एफआईआर को भी तत्काल निरस्त करे।

प्रदर्शन करने वालों में कांग्रेस नेता शहजाद आलम, ममता चौधरी, मुकेश सिंह चौहान, सुशील कुमार बाल्मीकि, विषम सिंह, सिद्धिश्री, मुरली मनोहर, विनय गौतम, विनीत वर्मा, अमरनाथ पासवान, अखिलेश कनौजिया, अभय गौतम, अजय रावत, पंकज बाबा, श्रीराम वर्मा, पावन कोरी, विद्या गौतम, सीमा गौतम, शैलेन्द्र कुमार, अशोक कसोरूया, राम बदन बौद्ध, स्नेहलता, राम हरक रावत व सोम विकल समेत अन्‍य मौजूद रहे।

मुकदमा दाखिल करने कोर्ट पहुंचे अजय

वही आज अयोध्‍या में मछली खाने के आरोप से आहत कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया। जनपद न्यायालय लखनऊ में न्यायालय अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आलोक वर्मा की अदालत में अजय राय ने अपने अधिवक्ता संजीव पाण्डेय के माध्यम से मुकदमा दाखिल किया है।

कभी नहीं खाया मांस

कांग्रेस प्रवक्‍ता ने बताया योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित निषाद सम्मेलन में राम जन्म भूमि और हनुमान गढ़ी के दर्शन करने गए अजय राय द्वारा वहां राम निहाल निषाद द्वारा आयोजित निषाद सम्मेलन में हुए मत्स्य भोज में मछली खाने को लेकर बयान दिया था, जबकि अजय राय पूर्ण शाकाहारी है उन्होंने कभी मांसाहार का सेवन नहीं किया, लेकिन योगी आदित्‍यना के बिना किसी सबूत के बयान देने से अजय राय की मानसिक व सामाजिक रूप से प्रताड़ना हुई। समाज में हुई मानहानि से आहत होकर उन्होंने अपना उपरोक्त परिवाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।