36 हजार करोड़ का गंगा एक्सप्रेसवे अब धंसा, आठ फीट गहरा गड्ढा छिपाने के लिए चादर-शॉल से ढंका

गंगा एक्सप्रेसवे
गड्ढे पर ढंकी शाल व चादर।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे गड्ढों के मामलों के सामने आने के बीच योगी सरकार में करीब 36 हजार करोड़ की लागत से बने गंगा एक्सप्रेसवे की सड़क भी उन्नाव में धंस गई है। करीब आठ फीट गहरा गड्ढा में सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि गड्ढे को छिपाने के लिए उसके ऊपर चादर और शॉल बिछा दिए गए। जिसका वीडियो वायरल होने पर हड़कंप मच गया।

यह भी पढ़ें- सड़क धंसने पर बोले अखिलेश, ग्रीन कॉरिडोर में हुए भ्रष्‍टाचार ने उद्घाटन के फूल सूखने से पहले दिखा दिया अपना रंग

बताया जा रहा है कि उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे की प्रयागराज की ओर जाने वाली लेन पर सड़क का एक हिस्सा धंस गया। इससे वहां करीब आठ फीट गहरा गड्ढा बन गया। मामले में सबसे ज्यादा चर्चा गड्ढे को चादर और शॉल से ढकने को लेकर हुई है। सामने आए वीडियो में सड़क पर बने गड्ढे के ऊपर कपड़े बिछे नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अधिकारियों और कार्यदायी संस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।

हालांकि वीडियो सामने आने के बाद कार्यदायी संस्था हरकत में आई और आनन-फानन में गड्ढे को भर दिया। जबकि सड़क धंसने की वजह क्या थी और निर्माण में किस तरह से गड़बड़ी गयी थीं, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। मामले ने एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता की निगरानी पर बहस छेड़ दी है।

यह भी पढ़ें- बारिश के बाद विकासनगर में फिर धंसी सड़क, देखते ही देखते हुआ 20 फीट गहरा गड्ढा

दरअसल गंगा एक्सप्रेसवे करीब 594 किलोमीटर लंबा है और इसके निर्माण पर लगभग 36 हजार करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसका लोकार्पण 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इतने बड़े और महंगे प्रोजेक्ट में सड़क धंसने की घटना ने निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस पर क्या कार्रवाई करता है।

यह भी पढ़ें- बारिश ने फिर खोली अयोध्‍या के विकास की पोल, रामपथ पर भरा पानी, सड़कें धंसी, मोहल्लों से लेकर सरकारी कार्यालय तक में जलभराव