आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भीषण गर्मी के चलते स्कूलों के समय में परिवर्तन किया गया है। मंगलवार को जिला प्रशासन ने कक्षा आठ तक के स्कूलों को 12:30 बजे तक ही खोलने के निर्देश दिए हैं। ये आदेश प्री प्राइमरी से कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों पर लागू होगा।
डीएम विशाख जी के आदेश के मुताबिक भीषण गर्मी के कारण जिले में प्री-प्राइमरी से कक्षा आठ तक के सभी बोर्डों के सरकारी, परिषदीय, गैर सरकारी और प्राइवेट विद्यालय 22 अप्रैल से सुबह 7:30 बजे तक 12:30 बजे तक संचालित होंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में भीषण गर्मी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। साथ ही बताया कि अग्रिम आदेशों तक ये व्यवस्था रहेगी। इस संबंध में उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आदेश का पालन कड़ाई से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। एक दिन पहले ही शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों के समय में बदलाव किया था।
गौरतलब है कि सरकारी स्कूलों का समय पहले ही बदल गया था। प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी से बच्चों को राहत दिलाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में अब सुबह 7.30 से दोपहर 12.30 बजे पढ़ाई होगी। अभी स्कूलों का समय सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक है।
यह भी पढ़ें- मार्च के पहले हफ्ते में ही तेजी से चढ़ने लगा पारा, यूपी में बढ़ी गर्मी
बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने कहा है कि प्रदेश में गर्मी व हीटवेव को देखते हुए बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित परिषदीय विद्यालय सुबह 7.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक चलेंगे। विद्यालयों में पढ़ाई 7.30 से दोपहर 12.30 बजे तक होगी। जबकि विद्यालयों में प्रार्थना सभा, योगाभ्यास सुबह 7.30 से 7.40 बजे तक होगा। साथ ही कहा है कि मध्यावकाश सुबह दस से 10.15 बजे तक होगा।




















