पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में आया भूकंप, 3.0 रही तीव्रता

भूकंप के झटके

आरयू वेब टीम। पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में शुक्रवार को भूकंप ने लोगों को दहला दिया है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.0 मापी गई। फिलहाल भूकंप से किसी तरह के जान माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने अपने आधिकारिक हैंडल से इस भूकंप की जानकारी साझा की। जिसके तहहत ये भूकंप सुबह छह बजकर 56 मिनट पर आया। एजेंसी के अनुसार भूकंप का केंद्र अक्षांश 26.445 उत्तर और देशांतर 89.560 पूर्व पर स्थित था। भूकंप की गहराई जमीन से करीब नौ किलोमीटर नीचे बताई गई है। भूकंप का केंद्र अलीपुरद्वार जिले में ही रहा, जो पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में स्थित है और भूटान तथा असम की सीमा के करीब पड़ता है।

विशेषज्ञों के मुताबिक 3.0 तीव्रता का भूकंप हल्का माना जाता है और इससे आमतौर पर किसी बड़े नुकसान की आशंका नहीं होती। कम गहराई वाले भूकंप जमीन के करीब होने की वजह से थोड़ा ज्यादा महसूस हो सकते हैं, भले ही उनकी तीव्रता कम हो। अलीपुरद्वार और आस-पास का इलाका हिमालय की तलहटी में आता है। जहां भूगर्भीय हलचल की वजह से समय समय पर हल्के भूकंप आते रहते हैं।

यह भी पढ़ें- भूकंप के तेज झटके से कांपी लद्दाख की धरती, रिक्टर पैमाने पर 5.5 रही तीव्रता

फिलहाल प्रशासन की तरफ से किसी नुकसान या एहतियाती कदम को लेकर कोई अलग बयान नहीं आया है. मौसम और भूकंप एजेंसियां इलाके की निगरानी करती रहती हैं ताकि किसी भी आगे की गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र व हिमाचल में आया भूकंप, चार बार कांपी धरती