भूकंप के तेज झटके से कांपी लद्दाख की धरती, रिक्टर पैमाने पर 5.5 रही तीव्रता

भूकंप

आरयू वेब टीम। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह और आस-पास के इलाकों में गुरुवार को भूकंप के तेज झटके से धरती कांप गई। 5.5 की तीव्रता से आए इस भूकंप ने लोगों को डरा दिया। झटके इतने तेज थे कि घरों में रखे बर्तन, पंखे और खिड़कियां जोर-जोर से हिलने लगीं। हालांकि राहत की बात ये है कि इतने तेज झटकों के बावजूद अभी तक कहीं से भी किसी बड़े नुकसान या किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार ये भूकंप सुबह ठीक 6:05 बजे आया। इसका केंद्र जमीन से केवल दस किलोमीटर की गहराई में था। केंद्र ज्यादा गहराई में न होने के कारण ही जमीन के ऊपर झटके बहुत तेज महसूस हुए। डर के मारे लोग अपने बच्चों और परिवार के साथ तुरंत खुले मैदानों की तरफ भागे।

भूकंप आते ही लेह और कारगिल जिला प्रशासन अलर्ट हो गया। पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमों ने इलाकों का जायजा लेना शुरू कर दिया। शुरुआती रिपोर्ट में राहत की खबर मिली है कि कहीं कोई मकान नहीं गिरा है और न ही किसी को चोट आई है। फिर भी दूर-दराज के पहाड़ी गांवों से जानकारी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली समेत कई राज्यों में आया भूकंप

दरअसल 5.5 तीव्रता का झटका काफी तेज माना जाता है, इसलिए एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगले कुछ घंटों में हल्के झटके आ सकते हैं, जिससे लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। ​आपातकालीन टीमों को अलर्ट रहने का आदेश सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सभी आपातकालीन सेवाओं को तैयार रहने को कहा है। पहाड़ों और दूर-दराज के इलाकों में फोन और मैसेज के जरिए संपर्क किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी अफवाह पर ध्यान न दें और शांत रहें।

यह भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी में भूकंप से विशाखापत्तनम तक महसूस हुए झटके