वेलनेस सिटी में लगी ‘बड़े वालों’ की लॉटरी, एलडीए ने कहा, बेहद प्राइम लोकेशन पर देंगे इस तरह के लोगों को प्‍लॉट

वेलनेस सिटी
निरीक्षण के दौरान मातहतों को निर्देश देते प्रथमेश कुमार।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। सात बिल्‍डरों के दबाव के चलते पहले ही करीब तीन सौ एकड़ छोटी हो चुकी वेलनेस सिटी योजना में लखनऊ विकास प्राधिकरण एक बार फिर बड़े लोगों को दिल खोलकर गिफ्ट देने जा रहा है। इस योजना में दस एकड़ से ज्‍यादा जमीन देने वाले इन्‍वेस्‍टर्स, किसानों व अन्‍य को एलडीए ग्रीन कॉरिडोर के पास बेहद प्राइम लोकेशन पर प्‍लॉट देगा।

रिजर्व होगी जमीन

वेलनेस सिटी का अपनी टीम के साथ निरीक्षण करने के बाद एलडीए उपाध्‍यक्ष प्रथमेश कुमार ने प्राइम लोकेशन पर प्‍लॉट देने की आज घोषणा की है। साथ ही उपाध्‍यक्ष ने संबंधित अधिकारी व इंजीनियरों को इसके लिए ग्रीन कॉरिडोर के पास ही जमीन रिजर्व करने का निर्देश भी दिया है।

प्रथमेश कुमार ने बताया कि वेलनेस सिटी के लिए वर्तमान में लैंड पूलिंग के माध्यम से जमीन जुटाई जा रही। अभी तक करीब दो सौ हेक्टेयर भूमि के लैंड पूलिंग के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जोकि योजना के लिए काफी सकारात्मक है। लैंड पूलिंग के तहत योजना के लिए दस एकड़ या इससे अधिक जमीन देने वाले किसानों को 50 प्रतिशत अविकसित भूखंड ग्रीन कॉरिडोर के पास आवंटित किये जाएंगे। इसमें प्‍लॉट के आसपास का बाहरी विकास का पूरा काम एलडीए कराएगा।

यह भी पढ़ें- वेलनेस सिटी के लिए LDA को लैंड पूलिंग के जरिए मिली पहली भूमि, देवांग रस्तोगी ने मुफ्त में दी अपनी डेढ़ एकड़ जमीन

इस घोषणा से पहले वीसी ने यह भी बताया कि योजना के पहले चरण में लॉटरी के माध्यम से जमीन देने वालों को 125 विकसित प्‍लॉट आवंटित किये जा चुके हैं। अगले महीने होने वाली लॉटरी के माध्यम से भी लगभग दो सौ भूखंड आवंटित किये जाएंगे।

यह भी पढ़ें- बिल्‍डरों की नाराजगी के बाद बैकफुट पर आया एलडीए, शुरू होने से पहले ही छोटी हुई वेलनेस सिटी, बोर्ड बैठक में इन फैसलों पर भी लगी मुहर

साथ ही उपाध्‍यक्ष ने योजना के बारे में कहा कि सुलतानपुर रोड व किसान पथ के बीच 485 हेक्टेयर में वेलनेस सिटी योजना विकसित की जा रही। जिसके लिए ग्राम-बक्कास, मलूकपुर ढ़कवा, चौरहिया, चौरासी, दुलारमऊ, नूरपुर बेहटा तथा मस्तेमऊ की भूमि चिन्हित है। वेलनेस सिटी को मेडी सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। जहां सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, मेडिकल कॉलेज, डायग्नोस्टिक सेंटर के साथ विपासना केन्द्र व मेडिटेशन सेंटर आदि होंगे।

यह भी पढ़ें- IT व वेलनेस सिटी के नाराज किसानों को लैंड पूलिंग के फायदे बता मनाएगा LDA, कमिश्‍नर ने दिए निर्देश, IGRS का फर्जी निस्‍तारण करने वालों को भी मिली चेतावनी

आकार लेने लगा 6.5 KM लंबा ग्रीन कॉरिडोर

उपाध्यक्ष ने बताया कि वेलनेस सिटी के चार मेन रास्‍तों को निर्माणाधीन ग्रीन कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। शहीद पथ से किसान पथ के मध्य 6.5 किलोमीटर लंबा व 24 मीटर चौड़ा ग्रीन कॉरिडोर अब आकार लेने लगा है। उन्होंने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से महज 0.5 किलोमीटर की दूरी पर प्रस्तावित वेलनेस सिटी में ट्रैफिक निर्बाद्ध रूप से संचालित हो, इसके लिए योजना में 60 मीटर से 24 मीटर चौड़ी सड़कें विकसित की जा रही हैं।

40 करोड़ के नाले से होगा दस प्राइवेट टाउन‍शिप को लाभ

वहीं वीसी ने आज सीजी सिटी में लगभग 40 करोड़ रूपये की लागत से बन रहे 1500 मीटर लंबा बॉक्स ड्रेन नाले का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपाध्‍यक्ष को मातहतों ने बताया कि इससे सीजी सिटी के साथ ही उसके आसपास विकसित दस से ज्‍यादा प्राइवेट टाउनशिप के बरसात के पानी की निकासी भी काफी आसन हो जायेगी। उपाध्यक्ष ने निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण करने के साथ इसके एलाइनमेंट सही करने का इंजीनियरों को निर्देश दिया।

यह भी पढ़ें- IT सिटी में LDA ने शुरू किया डेवलपमेंट वर्क, तीन करोड़ के प्‍लॉट में बदल जाएगी किसानों की आठ लाख वाली जमीन

सीजी सिटी में तैयार हो रहा कार्निवल 365

सीजी सिटी योजना में अर्बन वेट लैंड के पास निर्मित फुटओवर ब्रिज एरिया में कार्निवल 365 विकसित किया जा रहा है। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आज इसका भी निरीक्षण कर दो महीने में स्थल संचालित करने के निर्देश दिये हैं। यहां 10 फूड कियॉस्क, बच्चों के लिए इनडोर एवं आउटडोर गेम्स, झूले आदि की सुविधा होगी। साथ ही वेट लैंड में आने वाले प्रवासी पक्षियों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए इंटरप्रिटेशन सेंटर विकसित किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- कबाड़ वाली कलाकारी से LDA ने लखनऊ में शुरू कराया तीसरा पार्क, मुख्‍य सचिव ने किया उद्घाटन, प्राइवेट कंपनी देगी आपको 100 से 30 रुपये में इंट्री

निरीक्षण के दौरान उपाध्‍यक्ष के अलावा एलडीए के चीफ इंजीनियर मानवेन्द्र सिंह, एसडीएम संगीता राघव, जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार व अंडर ट्रांसफर ईई मनोज सागर समेत अन्य इंजीनियर-कर्मी भी मौजूद रहें।