बंगाल की खाड़ी में भूकंप से विशाखापत्तनम तक महसूस हुए झटके

भूकंप

आरयू वेब टीम। बंगाल की खाड़ी में आज 4.5 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका असर विशाखापत्तनम के कई इलाकों में महसूस किए गए। भूकंप से दहले लोग अपने घरों से सुरक्षित स्थान की ओर भागे। राहत की बात यह रही कि भूकंप का असर सीमित रहा और किसी तरह की बड़ी आपदा या जनहानि नहीं हुई।

भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र के अनुसार भूकंप रविवार तड़के पांच बजकर पांच मिनट 46 सेकंड (भारतीय समयानुसार) पर आया। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.5 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र बंगाल की खाड़ी में आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट से करीब 225 किलोमीटर दूर स्थित था।

इसका केंद्र 16.805 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 84.381 डिग्री पूर्वी देशांतर पर समुद्र की सतह से दस किलोमीटर की गहराई में था। समुद्र के भीतर कम गहराई में आए भूकंपों पर विशेषज्ञ लगातार नजर बनाए रखते हैं, क्योंकि कई बार ऐसे झटके सुनामी की आशंका भी पैदा कर सकते हैं। हालांकि इस भूकंप के बाद सुनामी जैसी किसी भी स्थिति की चेतावनी जारी नहीं की गई।

अधिकारियों के अनुसार भूकंप के झटके विशाखापत्तनम शहर के कई हिस्सों में महसूस किए गए। कुछ लोगों ने सुबह अचानक कंपन महसूस होने पर घरों और इमारतों से बाहर निकलना बेहतर समझा, जबकि कई लोग सोशल मीडिया पर भी अपने अनुभव साझा करते नजर आए।

यह भी पढ़ें- वेनेजुएला में 920 लोगों की मौत के बाद फिर भूकंप से कांपी धरती

वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भूकंप के कारण किसी व्यक्ति के घायल होने, जान जाने, संपत्ति को नुकसान पहुंचने या किसी अन्य प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने स्थिति पर नजर बनाए रखी और एहतियात के तौर पर संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। फिलहाल पूरे क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- 40 मिनट में आठ बार कांपी चीन की जमीन, 6.3 तीव्रता के भूकंप से दहशत