सुंदरकांड पाठ का आयोजन कर केजरीवाल ने कहा, “राम मंदिर में हुई डकैती, चोरी व घोटाला”

अरविंद केजरीवाल
कार्यक्रम को संबोधित करते अरविंद केजरीवाल।

आरयू वेब टीम। मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी मामले पर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल लगातार भाजपा सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। केजरीवाल ने दिल्ली के रोहिणी स्थित जापानी पार्क में रविवार को सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया। इस दौरान आप नेता ने घोषणा की कि देशभर में हस्ताक्षर अभियान चलाकर प्रधानमंत्री के नाम एक पत्र भेजा जाएगा, जिसमें दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कड़ी सजा की मांग की जाएगी। साथ ही केजरीवाल ने दान घोटाले को लेकर केंद्र सरकार और मंदिर ट्रस्ट पर तीखा हमला बोला। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में डकैती, चोरी और घोटाला हुआ है।

केजरीवाल ने दावा किया कि सस्ती जमीन को महंगे दामों पर खरीदा गया, निर्माण कार्य में 40 फीसदी कमीशनखोरी के आरोप लगे और मंदिर परिसर में चोरी की कई घटनाएं सामने आईं। आप नेता ने कहा कि रामभक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ है और भगवान के नाम पर जुटाए गए दान का दुरुपयोग किया गया। आप प्रमुख ने कहा कि लोगों को उम्मीद थी कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

चढ़ावा चोरी के बड़े दोषियों को बचाने की कोशिश

इस दौरान केजरीवाल ने आरोप लगाया कि चढ़ावा चोरी के बड़े दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है और मामले को कमजोर करने के लिए फर्जी एफआइआर तक दर्ज की गईं। साथ ही कहा, ‘हम लोग सोच रहे थे ऊपर वाले कुछ न कुछ करेंगे लेकिन साफ है वो कुछ नहीं करेंगे। उनके साथी संगठन इसमें शामिल हैं। हर भक्त को कसम खानी है जिसने डकैती की है, जब तक फांसी की सजा नहीं दिला देंगे, चैन से नहीं बैठेंगे, ये मैं नहीं कह रहा। ये श्रीराम चंद्रजी का आदेश है।’ हालांकि, उन्होंने इन आरोपों के समर्थन में कोई नया दस्तावेज या सबूत सार्वजनिक रूप से पेश नहीं किया।

यह भी पढ़ें- केजरीवाल का दावा, भाजपा सच में नहीं मानती राम को भगवान, चढ़ावा चोरों को सजा दिलाने के लिए बदलनी होगी सरकार

वहीं मंच से मौजूद लोगों से अपील करते हुए केजरीवाल ने कहा की वे एक रामभक्त के रूप में इस अभियान का हिस्सा बनें। साथ ही कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आस्था से जुड़ा अभियान है। लोगों से प्रधानमंत्री के नाम तैयार किए गए पत्र पर हस्ताक्षर करने की अपील करते हुए कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

हमला जारी रखते हुए दिल्ली के पूर्व सीएम ने कहा कि ‘भगवान के घर में डाका डालना महापाप है।’ केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग राम के नाम पर राजनीति करते हैं, लेकिन रामभक्तों की भावनाओं की रक्षा करने में विफल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि देशभर में ये हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें।

यह भी पढ़ें- अयोध्‍या में बोले केजरीवाल, जो राम के ना हुए, वो राष्ट्र के क्या होंगे, चंदा चोर पार्टी का हो सामाजिक बहिष्कार