आरयू वेब टीम। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आइजीआइ) एयरपोर्ट पर शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। विशाखापट्टनम से 160 यात्री को लेकर आ रही इंडिगो फ्लाइट का इंजन फेल हो गया। जिसकी जानकारी लगते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि आनन-फानन में फ्लाइट की दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
जानकारी के मुताबिक इंडिगो की फ्लाइट 6E 579
विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रही थी। फ्लाइट में टेक्निकल फॉल्ट होने की कॉल मिली थी। बताया जा रहा है कि विमान का एक इंजन फेल हो गया था, जिस कारण इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी नुकसान की खबर नहीं है। फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग की जानकारी मिलने के बाद मौके पर तुरंत फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भेजी गई।
यह भी पढ़ें- 150 यात्रियों को लेकर उड़ान भरने के साथ ही स्पाइस जेट की फ्लाइट से निकली चिंगारी, करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
फायर सर्विस डिपार्टमेंट ने बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग की जानकारी मिली थी। जिसके बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए एयरपोर्ट के रनवे 28 पर ‘फुल इमरजेंसी’ लागू की गई थी। एसओपी के तहत, रनवे के चारों ओर दमकल की गाड़ियां और एंबुलेंस मौजूद थीं। फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक शनिवार सुबह 10.53 बजे इमरजेंसी कॉल आया। टीम को अलर्ट पर रखा गया था, हालांकि एयरक्राफ्ट 10:59 पर सुरक्षित रूप से लैंड हो गया है।




















