आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ में चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 275 यात्रियों को लेकर जेद्दा जाने वाले सऊदी अरब के विमान में उड़ान भरते समय तकनीकी खराबी आ गई। जिसके बाद आनन-फानन में विमान को रनवे से ही लौटा लिया गया है। इसके बाद विमान को वापस लाकर टैक्सी-वे पर खड़ा कर दिया गया और सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया। हालांकि यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मिली जानकारी के मुताबिक सऊदी अरब की उड़ान (एसवी-893) मंगलवार तड़के करीब 02:50 बजे 275 यात्रियों को लेकर जेद्दा के लिए रवाना होने वाली थी। विमान उड़ान भरने के लिए रनवे पर पहुंचा ही था कि अचानक झटका लगने से पायलट को उसमें तकनीकी खराबी का पता चला। जिसके बाद पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) और एयरलाइंस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। अचानक विमान में आई समस्या से यात्रियों में हड़कंप मच गया। क्रू मेंबर ने समझाकर यात्रियों को शांत कराया।
यह भी पढ़ें- खराब मौसम के कारण वाराणसी-काठमांडू जाने वाली चार फ्लाइट लखनऊ डायवर्ट
वहीं पायलट ने विमान को रनवे से वापस लाकर टैक्सी-वे पर खड़ा करा दिया गया। इस दौरान यात्रियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर एयरलाइंस के करीब आधा दर्जन इंजीनियर मौके पर पहुंचे और फ्लाइट की तकनीकी जांच शुरू की। इंजीनियर खराबी का पता लगाकर उसे दूर करने में जुटे रहे। एयरलाइंस अफसरों के मुताबिक विमान की तकनीकी खराबी दूर होने और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही उसे जेद्दा के लिए रवाना किया जाएगा।



















