लखनऊ एयरपोर्ट पर हुई बड़ी लापरवाही, 132 यात्रियों को ले जा रही इंडिगो फ्लाइट टेक ऑफ के बीच रनवे पर आया बंदर, टला हादसा

लखनऊ एयरपोर्ट
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार को एक बड़ी लापरवाही तब सामने आयी, जब रायपुर के लिए उड़ान भर रही इंडिगो की फ्लाइट टेक-ऑफ के दौरान अचानक रनवे पर एक बंदर आ गया। विमान उस समय पूरी रफ्तार पकड़ चुका था और कुछ ही पलों में उड़ान भरने वाला था, लेकिन पायलट ने  इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया और विमान को सुरक्षित रोक लिया। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया, हांलाकि विमान में सवार 132 यात्रियों की जान पर आया बड़ा खतरा टल गया। लेकिन इस घटना ने एयरपोर्ट प्रशासन पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आज सुबह इंडिगो की फ्लाइट 6E 6521, जो लखनऊ से रायपुर के लिए रवाना होने वाली रनवे पर अपनी पूरी रफ्तार पकड़ चुकी थी और टेक-ऑफ की तैयारी में थी। इसी दौरान अचानक रनवे पर एक बंदर आ गया। यह स्थिति बेहद गंभीर थी क्योंकि विमान उस समय तेज गति से उड़ान भरने की प्रक्रिया में था। अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो ये घटना बड़े हादसे में बदल सकती थी। जैसे ही पायलट की नजर रनवे पर बैठे बंदर पर पड़ी, उसने बिना समय गंवाए इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया।

इस फ्लाइट में लगभग 132 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। सभी यात्रियों की जान उस समय खतरे में आ गई थी, लेकिन पायलट की सतर्कता की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। इमरजेंसी ब्रेक लगाने के बाद विमान को रनवे पर सुरक्षित रोक लिया गया। अचानक हुई इस हादसे से कुछ देर के लिए यात्रियों में घबराहट और असमंजस की स्थिति बन गई, हालांकि एयरलाइन स्टाफ ने तुरंत यात्रियों को शांत किया और स्थिति को संभाला। इसके बाद विमान को वापस टैक्सीवे पर लाया गया, जहां उसकी शुरुआती जांच और सुरक्षा परीक्षण किए गए।

इस लापरवाही के बाद विमान की जांच की गई ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि टेक-ऑफ रोकने के दौरान किसी तकनीकी समस्या या नुकसान की संभावना तो नहीं है। करीब एक घंटे तक चली जांच और सुरक्षा प्रक्रिया के बाद विमान को रायपुर के लिए दोबारा रवाना किया गया। इस दौरान एयरपोर्ट पर अन्य उड़ानों की आवाजाही भी थोड़ी देर के लिए प्रभावित रही।

यह भी पढ़ें- यात्रियों को ला रही इंडिगो फ्लाइट का इंजन फेल, दिल्ली एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

इस पूरी घटना की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को दे दी गई है। अब डीजीसीए इस बात की जांच करेगा कि इतने सुरक्षित माने जाने वाले रनवे क्षेत्र में बंदर कैसे पहुंचा। एयरपोर्ट प्रशासन ने भी इस घटना को गंभीरता से लिया है और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है। रनवे और आस-पास के इलाकों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- 154 यात्री को दुबई से काठमांडू लेकर जा रही फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग