आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद राजनीति में कदम में रखने वालीं दिव्या मित्तल ने यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर अहम फैसला लिया है। दिव्या मित्तल ने सीधे तौर पर पूरे राज्य की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर स्थापित राजनीतिक दलों से अलग रणनीति अपनाई है।
दिव्या मित्तल ने घोषणा की कि ‘जननीति भारत पार्टी’ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। साथ ही ये भी साफ किया कि उनकी पार्टी किसी बड़े दल की ‘बी-टीम’ नहीं बनेगी और न ही किसी अवसरवादी गठबंधन में शामिल होगी। दिव्या मित्तल ने कहा कि जेबीपी का मुख्य फोकस जमीनी स्तर पर ऐसे सक्षम युवाओं, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को जोड़ना है जो स्थानीय समस्याओं से वाकिफ हों और जिन्हें पारंपरिक राजनीतिक दल टिकट नहीं देते।
यह भी पढ़ें- भाजपा में शामिल हुए नरेश अग्रवाल के पहले ही बयान से सुषमा स्वराज नाराज
साथ ही दिव्या मित्तल खुद पूर्वांचल की मीरजापुर सदर विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगी। दरअसल मीरजापुर में जिलाधिकारी रहते हुए उन्होंने पेयजल संकट दूर करने और प्रशासनिक सुधारों को लेकर स्थानीय स्तर पर अपनी मजबूत पकड़ बनाई थी। बाकी 402 सीटों के लिए पार्टी चरणबद्ध तरीके से जिला और विधानसभा स्तर पर समन्वयकों की नियुक्ति करेगी। उम्मीदवारों के चयन के लिए जेबीपी ने एक पारदर्शी मानदंड तय करने की बात कही है, जिसमें प्रत्याशी की स्थानीय छवि और जनता के प्रति जवाबदेही प्राथमिक योग्यता होगी।
जमीनी जनसंवाद यात्राओं का ले रही सहारा
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ना किसी भी नए राजनीतिक दल के लिए सबसे बड़ी संगठनात्मक चुनौती मानी जाती है। इसके लिए पार्टी को करीब 1.6 लाख से अधिक पोलिंग बूथों पर अपने कार्यकर्ताओं की जरूरत होगी। इसके लिए दिव्या मित्तल की टीम डिजिटल प्लेटफॉर्म्स, सोशल मीडिया वॉलिंटियर्स और जमीनी जनसंवाद यात्राओं का सहारा ले रही है। जहां पूर्व की आइएएस की नजर मुख्य रूप से उन शिक्षित और मध्यम वर्गीय मतदाताओं पर है जो जातिवादी राजनीति से अलग जवाबदेह शासन मॉडल की इच्चछा रखते हैं।
…जनता को सीधे निर्णय प्रक्रिया से जोड़ना
बता दें कि हाल ही में सोशल मीडिया पर लाइव आकर पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने राजनीति में उतरते हुए अपनी नई पार्टी ‘जन नीति भारत’ के गठन का ऐलान किया था और यह पार्टी 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उनका मुख्य उद्देश्य जनता को सीधे निर्णय प्रक्रिया से जोड़ना है। बकौल दिव्या मित्तल-देश की नीतियों के केंद्र में आम लोग होंगे और नीतियां जनता की वास्तविक जरूरतों के आधार पर तय की जाएंगी।


















