आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ में शनिवार को स्कूली बच्चों को ले जा रही एक मिनी बस में अचानक आग लग गई। अचानक वाहन में लगी आग से चीख-पुकार मच गई। जिसे देख स्थानीय लोगों ने बच्चों को बस से बाहर निकाला। ये हादसा बगहा गांव के पास हुआ। बस शार्प ग्लोबल स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही थी। बस में दो दर्जन से अधिक बच्चे सवार थे। जिन्हें समय रहते बचा लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस नंबर UP81BT 6203 बगहा गांव से बच्चों को स्कूल ले जा रही थी। इसी दौरान बस के अगले हिस्से के बोनट से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। आग बढ़ने के बाद बस में बैठे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। बच्चे दहल कर रोने लगे। घटना की खबर मिलते ही आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्चों को बस से बाहर निकालने में मदद की। ग्रामीणों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
यह भी पढ़ें- गड्ढे में गिरी तेज रफ्तार स्कूली बस, दर्जनभर बच्चे घायल
इस हादसे में कुछ बच्चों के झुलसने की भी खबर है। ग्रामीणों ने झुलसे बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद बच्चों के परिजनों में भी चिंता और नाराजगी दिखी। परिजनों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
जबकि ग्रामीणों और परिजनों ने स्कूल संचालक पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अगर ग्रामीण समय पर नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल बस में आग लगने की वजह साफ नहीं हो सकी है। आग शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या किसी और कारण से लगी, यह जांच के बाद ही पता चलेगा।


















