बच्चों से भरी स्कूली वैन अनियंत्रित होकर नाले में पलटी, ग्रामीणों ने बचाई जान

स्कूल वैन
नाले में गिरी स्कूल वैन।

आरयू संवाददाता, लखनऊ। राजधानी के नगराम थाना क्षेत्र अंतर्गत कुबहरा गांव में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा होने से बच गया। श्री एमएल बाल विद्या मंदिर कमलापुर विचलिका की स्कूली वैन छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी, तभी कीचड़ के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में पलट गई। जिससे बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे। जिसकी आवाज सुनकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दौड़ कर वैन का दरवाजा खोला और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को भी सूचना दी।

जानकारी के मुताबिक निजी वैन UP32FA2471 चालक रोजाना की तरह बच्चों को घर छोड़ने जा रहा था। तभी वैन कच्चे और गीले रास्ते पर फिसलकर पलट गई। घटना के समय वैन में छह से लेकर दस साल तक की उम्र के बच्चे सवार थे। अचानक हुई इस सड़क दुर्घटना से बच्चे बुरी तरह सहम गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस कच्चे मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जो बारिश के चलते पानी और कीचड़ से लबालब भर गए थे। इन्हीं गड्ढों की वजह से वैन का संतुलन बिगड़ गया।

वैन के गड्ढे में पलटते ही उसमें पानी भर गया, जिससे बच्चों के बैग भी भीग गए। घटना से मौके पर चीख- पुकार मच गई। जिसे सुनकर आस-पास मौजूद ग्रामीण और राहगीर दौड़कर मौके पर पहुंचे और गाड़ी का गेट खोलकर बच्चों को बाहर निकाला। स्कूल को घटना की जानकारी मिलते ही दूसरी वैन मौके पर भेजी गई, लेकिन तब तक कुछ राहगीर अपनी बाइक से बच्चों को उनके घर पहुंचा चुके थे।

वहीं सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पलटी वैन को रास्ते से हटवाने के साथ ही आगे की जांच शुरू की। जांच में सामने आया है कि हादसे का शिकार हुई स्कूली वैन बिना परमिट के ही बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने का काम कर रही थी। क्षेत्र के कई स्कूलों में इसी तरह स्कूल संचालकों ने किराये पर अवैध रूप से वैन और ई-रिक्शा लगा रखे हैं। हादसे के बाद वैन चालक का नाम और पता फिलहाल पता नहीं चल सका है, वहीं स्कूल प्रबंधक पवन मौर्य का फोन घटना के बाद से लगातार बंद बताया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- गौतमपल्‍ली जा रही स्कूली वैन को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, चालक समेत पांच मासूम घायल

स्कूली वैन के इस हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराकर उसे आवागमन के योग्य बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही अवैध रूप से चल रही बिना परमिट वाली स्कूल वैनों पर भी कार्रवाई की मांग उठ रही है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में बच्चों की स्कूली वैन पर कांवड़ियों ने किया पथराव, डरकर रोने लगे मासूम