बुलंदशहर: सड़क हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत, CM योगी ने की परिजनों को दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा

बुलंदशहर
बुलंदशहर में दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शुक्रवार को बुलंदशहर जिले में हुई श्रद्धालुओं की मौत पर शोक व्‍यक्‍त किया है। साथ ही मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। दुर्घटना उस समय हुई जब आज भोर में तेज रफ्तार बस ने नरौरा गंगा घाट के किनारे सड़क पर सो रहे तीर्थ यात्रियों को रौंद दिया।

इस दुर्घटना में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धालुओं की मौत पर शोक व्यक्त कर मृतकों के परिजन के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की है। साथ ही सीएम योगी ने जिलाधिकारी से प्रत्येक के परिजन को दो-दो लाख रुपए की राहत राशि वितरित करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें- गुजरात: अंबाजी दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस त्रिशूलिया घाट पर पलटी, 21 की मौत 50 घायल

मालूम हो कि आज भोर में बुलंदशहर जिले में नरौरा के गांधी गंगा घाट के समीप सड़क किनारे सो रहे श्रद्धालुओं को बस ने कुचल दिया है। अचानक हुई घटना से चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी मिलने पर रामघाट व डिबाई पुलिस के साथ सीओ डिबाई विक्रम सिंह व एसडीएम डिबाई संजय कुमार मौके पर पहुंच गए। इस दौरान लोगों ने हंगामा भी किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

यह भी पढ़ें- देश की पहली प्राइवेट ट्रेन तेजस को CM योगी ने झंडी दिखाकर किया रवाना, जानें इसकी विशेषताएं

हादसे में तीन मासूम बच्चियों समेत सात लोगों की घटनास्थाल पर ही मौत हो गई है। मृतकों में तीन मासूम के साथ चार महिलाएं हैं। घटना के लिए दोषी बस चालक फरार हो गया है। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। प्राप्‍त जानकारी के मुताबिक ये सभी लोग हाथरस जिले से तीर्थ यात्रा पर निकले थे। सभी गंगा स्नान के बाद सड़क किनारे सो रहे थे। मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- MP में गणेश विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटी, 11 की मौत