भाजपा के पूर्व विधायक समेत AAP व सपा नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ

कांग्रेस प्रवक्‍ता संजय सिंह

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का हस्तक्षेप असर दिखाने लगा है। विभिन्‍न पार्टियों के नेता कांग्रेस में शामिल हो रहें। इसी क्रम में मुगलसराय से चार बार के बीजेपी विधायक छब्बू पटेल और आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव रविंद्र मणि वर्मा समेत सपा नेता कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

यह जानकारी देते हुए कांग्रेस प्रवक्‍ता संजय सिंह ने बताया कि महिलाओं के लिए अलग घोषणा पत्र जारी कर प्रियंका गांधी ने कांग्रेस की ओर से चुनावी राजनीति में एक बड़ी लकीर खींच दी है जिसने पूरे देश का ध्यान खींचा है। उत्तर प्रदेश में सभी दूसरे दलों के नेता प्रियंका गांधी के नेतृत्व में यूपी की तस्वीर बदलने के लिए जुटने लगे हैं। इसी का नतीजा है कि बीजेपी के कद्दावर नेता और मुगलसराय से चार बार के विधायक छब्बू पटेल ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है।

संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव रविंद्र मणि वर्मा, फतेहपुर से उसके घोषित प्रत्याशी अनूप सचान व हरदोई में आम आदमी पार्टी के घोषित प्रत्याशी राजवर्धन सिंह राजू भी कांग्रेस में शामिल हो गये हैं।

इसके अलावा समाजवादी पार्टी की नेता और समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव कुसुम शर्मा, पूर्व विधायक शौकत अली के बेटे चौधरी इमरान अली, लखनऊ की एकेडमिशियन डॉ.सुधा मिश्र, भारत सरकार के हैंडलूम बोर्ड की सदस्य और महोबा निवासी पं.नेहा चंसौरिया, राठ की समाज सेविका अर्चना अनुरागी और प्रयागराज में इविंग क्रिश्चियन कॉलेज के प्रवक्‍ता विनोद कुमार पांडेय ने भी कांग्रेस की सदस्यता लेकर प्रियंका गांधी की प्रतिज्ञाओं को घर-घर पहुंचाने का संकल्प लिया है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस युवाओं को बनाएगी यूपी की आवाज, अभियान की शुरूआत कर बोले नसीमुद्दीन नसीमुद्दीन, संविधान को कमजोर कर रही BJP

कांग्रेस प्रवक्‍ता ने बताया कि इसके अलावा हरदोई में भी आज बीजेपी के तमाम नेताओं ने कांग्रेस का दामन थामा है। हरदोई में बीजेपी के जिला महामंत्री अखिलेश कुशवाहा, बीजेपी मंडल अध्यक्ष दिनेश पाल, मंडल महामंत्री अशोक कुमार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमलता कुशवाहा, मंडल महामंत्री अजय कनौजिया, पूर्व मेजर रामअभिलाष शर्मा, विद्यालय प्रबंधक अरविंद यादव, बूथ अध्यक्ष उमेश शुक्ला, पूजा शर्मा समेत कई पूर्व प्रधान और पूर्व बीडीसी सदस्य बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं।