कांग्रेस युवाओं को बनाएगी यूपी की आवाज, अभियान की शुरूआत कर बोले नसीमुद्दीन नसीमुद्दीन, “संविधान को कमजोर कर रही BJP”

बनें यूपी की आवाज
मीडिया के सामने अपनी बात रखते नसीमुद्दीन सिद्दीकी साथ में अन्य। (फोटो- आरयू)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव में बाजी मारने के लिए कांग्रेस लगातार रणनीति बना रही है। महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने समेत छात्राओं व किसानों के अलावा अन्‍य वर्गों के लिए कई महत्‍वपूर्ण घोषणा करने के बाद आज कांग्रेस ने खुद से युवाओं को जोड़ने के लिए एक अभियान की शुरूआत की है। कांग्रेस के प्रदेश मुख्‍यालय पर आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री व कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने युवाओं को कांग्रेस से जोड़ने के लिए ‘बनें यूपी की आवाज’ अभियान की शुरूआत की। इस अभियान के जरिये कांग्रेस जिला स्तर पर पार्टी के प्रवक्ता और मीडिया कोऑर्डिनेटर का चुनाव करेगी।

अभियान की शुरूआत के साथ ही पूर्व कैबिनेट मंत्री ने भाजपा पर भी जमकर निशाना साधा। नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि बीजेपी लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने में जुटी है। एकता, समानता और भाईचारे के खिलाफ साजिशें हो रही हैं। आम जनता की गाढ़ी कमाई को विभिन्न तरीकों से निकालकर चंद उद्योगपति मित्रों की जेब में डालने का षड़यंत्र हो रहा है, ऐसे में जो भी युवा, महिला देश को बचाने के लिए राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी के इस महाअभियान से जुड़ना चाहतें हैं वह इस ‘‘बनें यूपी की आवाज’’ के माध्यम से कांग्रेस से जुड़कर उत्तर प्रदेश और देश बचाने का काम कर सकते है। इसके लिए कांग्रेस पार्टी समाज के सभी वर्गो का आह्वान करती है।

प्रताड़ित जनता की आवाज बन गयी हैं प्रियंका गांधी

साथ ही नसीमुद्दीन ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस महासचिव एवं यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में पीड़ित व प्रताड़ित जनता की आवाज बन गयी हैं। प्रदेश में सरकारी संरक्षण में हो रही अलोकतांत्रिक एवं गैरसंवैधानिक घटनाओं से डटकर लड़ रही है। न्याय के लिए योगी सरकार के अनैतिक कार्यो के खिलाफ सड़क पर उतरकर संघर्ष कर रही हैं और सरकार की हिरासत झेल रही हैं।

यह भी पढ़ें- जान गंवाने वाले किसानों के परिजनों से मिल प्रियंका गांधी ने जताई संवेदना, कहा कांग्रेस अदा करेगी कर्ज

प्रियंका गांधी जी के इस तेवर से युवा खासतौर पर आकर्षित होकर कांग्रेस पार्टी से जुड़ना चाहते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए ‘‘बनें यूपी की आवाज’’ अभियान शुरू हो रहा है। इसके जरिये कांग्रेस अनुभवी कांग्रेसजनों के साथ-साथ युवाओं को प्रवक्ता और मीडिया कोआर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंपेगी। योग्यता, क्षमता एवं जनसंपर्क उनके चयन का आधार होगा। कांग्रेस जिला स्तर पर लिखित और मौखिक परीक्षा के जरिये प्रवक्ताओं और कोऑर्डिनेटर का चयन करेगी।

आरएसएस के जहरीले प्रचार के विरुद्ध…

प्रेसवार्ता में मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि आरएसएस के जहरीले प्रचार के विरुद्ध देश में लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए युवा कांग्रेस से बड़े पैमाने पर जुड़ना चाहते हैं। उन्हें एक मंच देने के लिए ‘‘बनें यूपी की आवाज’’ अभियान आज आरंभ कर दिया गया है। जो नौजवान कांग्रेस के सदस्य नहीं हैं, वे भी पार्टी का सदस्य बनकर इन परीक्षाओं में शामिल हो सकेंगे।

जिलावार होगी लिखित व मौखिक परीक्षा

जिलावार लिखित और मौखिक परीक्षा की शुरुआत सर्वप्रथम लखनऊ मंडल से की जा रही है। जिसके तहत अगामी 15 नवंबर को जनपद उन्नाव में पहली परीक्षा एवं साक्षात्कार का आयोजन किया जायेगा। 16 नवंबर को लखनऊ, 17 नवंबर को सीतापुर, 18 नवंबर को हरदोई, 20 नवंबर को रायबरेली और 21 नवंबर को लखीमपुर में परीक्षा आयोजित की जायेगी। जनपद के प्रभारी सचिव, जिला एवं शहर अध्यक्ष तथा प्रदेश प्रवक्ता उपरोक्त परीक्षाएं संपन्न करवाएंगें।

प्रेसवार्ता में कांग्रेस की यूपी मतदाता टास्क फोर्स के अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कुछ अन्य जानकारियां भी दीं। उन्होंने कहा कि यूपी के सभी मंडल एवं जनपदों के पदाधिकारियों के माध्यम से मतदाता सूची पुनरीक्षण अर्थात मतदाता सूची में मतदाताओं के नाम बढ़ाने और अवैध नाम कटवाने का कार्य चल रहा है। इसके तहत पार्टी के पदाधिकारियों के माध्यम से बीएलए की नियुक्ति हो रही। मतदाता सूची में 18 साल पूरा कर चुके युवाओं को जोड़ने, नवविवाहिताओं का नाम स्थानान्तरण तथा अवैध ढंग से वोटर लिस्ट में जुड़े नामों को कटवाने का काम आरंभ हो चुका है। उन्होंनें इसके लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों को पार्टी के संभावित उम्मीदवारों, विभागों, फ्रंटल, अल्पसंख्यक, पिछड़ा, अनुसूचित जाति एवं जनजाति सहित कांग्रेस पार्टी के सभी संगठनों तथा पार्टी के पूर्व जनप्रतिनिधियों से मदद लेने का भी आह्वान किया है। प्रेसवार्ता में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्‍ता उमाशंकर पांडेय, अशोक सिंह, संजय सिंह व प्रियंका गुप्‍ता भी मौजूद रहीं।