आरयू ब्यूरो, लखनऊ/प्रयागराज। सर्विस बुक में जालसाजी मामले में बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी समेत दो लोगों पर एफआइआर दर्ज हुई है। आरोप है कि उनके परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय में सचिव के पद पर तैनात रहने के दौरान एक कर्मचारी की शशि कुमार यादव सर्विस बुक में जालसाजी की गई थी। कर्मचारी के मेडिकल लीव पर रहने के दौरान उनकी सर्विस बुक में बैक डेट से एंट्री कर दी गई।
वहीं जिस डेट में ये एंट्री दिखाई गई, उस समय कर्मचारी के खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई भी नहीं चल रही थी। मामले में कोर्ट के आदेश पर कर्नलगंज थाने में मुकदमा दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता शशि कुमार यादव वर्ष 1995 से 2022 तक परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय में काम रहे थे। उन्होंने तत्कालीन सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी और वरिष्ठ सहायक इष्टदेव उपाध्याय पर सर्विस बुक में हेरफेर करने का आरोप लगाया है। घटना के समय अनिल भूषण चतुर्वेदी परीक्षा नियामक प्राधिकारी के सचिव थे। इसी दौरान उनकी सर्विस बुक में 31 मार्च 2021 की तारीख से प्रतिकूल एंट्री कर दी गई।
साथ ही आरोप में ये बताया गया गया है कि 24 जून 2021 को तत्कालीन प्रबंध सहायक से उनकी मूल सर्विस बुक और व्यक्तिगत फाइल लेकर वरिष्ठ सहायक इष्टदेव उपाध्याय ने अपने पास रख ली थी, जबकि कार्यालय आदेश के मुताबिक उस समय इष्टदेव उपाध्याय केवल क्रय-विक्रय अनुभाग के प्रभारी थे। उनका प्रबंध अनुभाग से कोई संबंध नहीं था।
जुलाई के बीच किया ये हेरफेर
शिकायतकर्ता का दावा है कि 24 जून को जब उनकी सर्विस बुक मंगाई गई, तब उसमें कोई प्रतिकूल एंट्री नहीं थी। जुलाई में जब सर्विस बुक और फाइल वापस प्रबंध अनुभाग पहुंची तो उसमें 31 मार्च की तारीख से प्रतिकूल एंट्री दर्ज मिली। उनका आरोप है कि 24 जून से जुलाई के बीच यह हेरफेर किया गया। शशि कुमार ने 22 सितंबर 2025 को कर्नलगंज थाने में एफआईआर दर्ज करने के लिए शिकायत दी थी।
पुलिस आयुक्त को भी भेजा प्रार्थना पत्र
इसके बाद 29 सितंबर को पुलिस आयुक्त को भी प्रार्थना पत्र भेजा। पुलिस आयुक्त ने मामले की जांच एसीपी द्वितीय, सिविल लाइंस को सौंपी थी, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई, फिर इनको कोर्ट का सहारा लेना पड़ा, तब न्यायालय के आदेश पर कर्नलगंज थाने में तत्कालीन सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी और वरिष्ठ सहायक इष्टदेव उपाध्याय के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई। इसपर कोई विभागीय अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है। इस संबंध में कर्नलगंज थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने मीडिया को बताया कि न्यायालय के आदेश पर आठ नवंबर को मुकदमा दर्ज किया गया था। जबकि मामला कई वर्ष पुराना है मामले की जांच कर विवेचना की जा रही है।
यह भी पढ़ें- UP: बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, लखनऊ-गोरखपुर सहित इन जिलों के बदले BSA












