अखिलेश का दावा, “नोटबंदी के बाद बढ़ा भ्रष्‍टाचार-कालाधन, भाजपा सरकार की मुक्ति से ही आएगी खुशहाली”

महा ब्राह्मण समाज पंचायत
कार्यक्रम को बीजेपी सरकार पर सवाल उठाते अखिलेश यादव।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने आज एक बार फिर केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश ने मोदी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए दावा किया है कि नोटबंदी के बाद देश में भ्रष्‍टाचार व कालाधान बड़े पैमान पर बढ़ा रहा है। देश को भी कर्जदार बनाया जा रहा। ऐसे में बीजेपी से मुक्ति मिलने पर ही देश में खुशहाली आएगी।

रविवार को सपा के प्रदेश मुख्‍यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में सपा सुप्रीमो कन्नौज के प्रबुद्ध समाज तथा महा ब्राह्मण समाज पंचायत के प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा आज पीड़ित, वंचित समाज का अंग बन गया है। समाजवादी पार्टी उनके संघर्ष में साथ रहेगी। उनकी हर संभव मदद की जाएगी। सपा सभी को साथ लेकर चलती है। आगे बढ़ने के लिए आप भी इसका साथ दीजिए।

जनता को गुमराह करने में माहिर बीजेपी सरकार

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार का काम जनता को धोखा देना है। वह जनता को गुमराह करने में माहिर है। भाजपा ने गरीबों के सम्मान को चोट पहुंचाई है। मुफ्त राशन बांटकर भाजपा सरकार ने गरीबों की गरीबी का मजाक उड़ाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में किसान परेशान है। नौजवान बेरोजगार है। जब किसानों को रोजगार देंगे तभी उनकी आमदनी बढ़ेगी।

तड़क-भड़क सम्मेलन हुए, जमीन पर नहीं उतरे MOU

योगी सरकार को निशाने पर लेते हुए इस दौरान पूर्व सीएम ने कहा कि यूपी के विकास में भाजपा सरकार का कोई लेना-देना नहीं। पूंजीनिवेश के नाम पर सिर्फ तड़क-भड़क सम्मेलन किए गए। जो एमओयू हुए वे जमीन पर उतरे नहीं। भाजपा विकास पर सिर्फ पाखंड करती है। समाजवादी पार्टी धोखा नहीं देती है। अपने दो कार्यकाल में भाजपा सरकार ने एक भी अपनी योजना लागू नहीं की। एक यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं किया है।

समाजवादी सरकार में हुए विश्‍वस्तरीय निर्माण

अपनी सरकार के काम गिनाते हुए अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार में विश्‍वस्तरीय निर्माण कार्य किये गये। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे बना। गोमती रिवरफ्रंट बना। गोमती रिवरफ्रंट गुजरात के साबरमती रिवरफ्रंट से गई गुना ज्यादा खूबसूरत है, इसीलिए भाजपा सरकार ने गोमती रिवरफ्रंट को बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में गंभीर बीमारियों लीवर, किडनी, हार्ट, कैंसर के इलाज के लिए निशुल्क चिकित्सा व्यवस्था की थी जिसे भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया है। भाजपा ने किसी का भला नहीं किया। वह लगातार समाजवादी पार्टी को बदनाम करने का काम करती है। जनता के भारी समर्थन से समाजवादी पार्टी की जिंदाबाद होती है।

यह भी पढ़ें- अकबर नगर में एलडीए की कार्रवाई पर बोले अखिलेश, “घरों पर बुल्‍डोजर चलाने के लिए नहीं होती सरकार, भाजपाईयों ने किया सबसे ज्‍याद अवैध कब्‍जा–निर्माण”

वहीं कन्नौज से आये ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि समाजवादी सरकार के समय ही जनपद में तमाम विकास कार्य हुए थे। भाजपा सरकार ने उन्हें बर्बाद कर दिया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कन्नौज में समाजवादी सरकार में आलू, चावल से वोदका बनाने, परफ्यूम पार्क स्थापित करने, पैरामेडिकल कॉलेज, की स्थापना, उमरदा में काऊ मिल्क प्लांट लगाने के साथ फाकीरे गांव में फ्री सोलर लाइट का प्लांट लगाया था। भाजपा सरकार ने जनपद के विकास पर जरा भी ध्यान नहीं दिया।

बैठक में कन्नौज से आए मनोज दीक्षित, पूर्व मंत्री पवन पाण्डेय, मिलन भाई, हरितोष द्विवेदी, आलोक दुबे, आदित्य तिवारी, राकेश तिवारी, बबलू तिवारी, बामन तिवारी, जयकुमार तिवारी, अंकित त्रिपाठी, बृजधीर दुबे ने भी विचार व्यक्त किए और अखिलेश यादव को 2024 के लोकसभा चुनाव में विजयी बनाने का संकल्प लिया।