अखिलेश ने कहा, योगी सरकार के चार साल में यूपी चला गया 20 साल पीछे, सपा सरकार बनने पर झूठ के प्रचार में खर्च किए गए हजारों करोड़ की कराएंगे जांच

अखिलेश यादव
फाइल फोटो।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। सरकार के चार साल पूरे होने पर शुक्रवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोला है। सपा सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा सरकार ने चार वर्षों में प्रदेश को इस बुरी तरह चौपट किया है कि ये 20 वर्ष पीछे चला गया है। जो काम सपा सरकार के समय हो रहे थे और प्रदेश प्रगति तथा विकास के रास्ते पर रफ्तार पकड़ रहा था उन कामों को भाजपा सरकार ने न केवल रोक दिया, बल्कि चल रही जनहित की योजनाओं में भी पलीता लगा दिया है।

योगी सरकार पर हमला जारी रखते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा के पास एक ही पुराना रिकार्ड है, जिसे वे रोज-रोज बजाते हैं, जनता के कान इससे पक गए हैं। आंखों में धूल झोंकने का भाजपा अंतिम प्रयास कर रही है और उसके झूठे आंकड़ों के कहर ने पूरे प्रदेश को प्रदूषित कर दिया है। भाजपा ने असत्य वाचन की सभी सीमाएं पार कर दी हैं, लेकिन 2022 में सपा सरकार बनते ही भाजपा के झूठ और फर्जी आंकड़ों की जांच होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और तथाकथित प्रगति और विकास की असत्य कथा के प्रचार प्रसार पर भाजपा सरकार द्वारा जो हजारों करोड़ रूपए अपव्यय किए गए है उनकी जांच समाजवादी सरकार में कराई जाएगी।

सरकार पर हमला बोलते हुए यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने किसानों के साथ बड़ा धोखा किया है। उन्हें फसल का न तो ड्योढ़ा मूल्य मिला और नहीं एमएसपी पर धान बिका। आय दुगनी की बातें अब नहीं की जाती। जो मंडिया हमारी सरकार में बन रही थी भाजपा ने उन्हें रोक दिया। इतना ही नहीं नौजवानों का भविष्य अंधेरे में है। रोटी-रोजगार की कोई व्यवस्था नही। शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। अपराधी जेल में हैं तो अपराध क्यों हो रहे है? जेल से अपराधी गतिविधियों का संचालन कैसे हो रहा है? भाजपा ने समाज में नफरत फैलाकर सामाजिक तनाव पैदा किया है।

सरकार बताए आया कितना निवेश 

इन सबके बावजूद प्रदेश में रोजगार के झूठे आंकड़े पेश किए जा रहे हैं। प्रदेश में कई निवेशक सम्मेलनों के बावजूद सरकार बताए कितना निवेश आया? कौन सा नया उद्योग लगा? किस बैंक में किस उद्यमी को कर्ज मिला? लघु मध्यम उद्योग लगातार बंद हो रहे हैं। स्मार्टसिटी बन रही है तो प्रदूषण क्यों बढ़ता जा रहा है?

…पूरे क्यों नहीं किए वादे

भाजपा सरकार बताए कि उसने अपने संकल्प पत्र में जो घोषणाएं की थीं, वादे किए थे वे पूरे क्यों नहीं किए? भाजपा राज में कितने बिजली प्लांट बने? सच्चाई तो यह है कि भाजपा ने एक यूनिट बिजली नहीं उत्पादित की। डीजल-पेट्रोल के दामों के साथ रसोई गैस के दामों में बेतहाशा वृद्धि कर दी गई जिससे घरेलू अर्थव्यवस्था बिगड़ गई है।

देश भुगत रहा खामियाजा

भाजपा सरकार की नोटबंदी-जीएसटी और अनियोजित तरीके से किए गए लॉकडाउन का खामियाजा देश भुगत रहा है। वैश्विक महामारी कोविड-19 में भाजपा ने लोगों के नाक-मुंह बंद कराए पर अब कौन सी महामारी है कि भाजपा सरकार आंख-कान बंद किए हुए है। इसे जनता और किसानों की तकलीफों की परवाह नहीं।