रंग लाया पहलवानों का विरोध, भारतीय कुश्ती संघ को किया गया सस्पेंड

भारतीय कुश्ती संघ

आरयू वेब टीम। भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह के करीबी संजय सिंह अध्यक्ष चुने जाने का तमाम रेसलर्स ने विरोध किया। यहां तक की महिला पहलवान साक्षी मलिक ने कुश्ती से सन्यास लेने की घोषणा कर दी और बजरंग पुनिया ने अपना पदमश्री प्रधानमंत्री आवास के बाहर रख दिया। जिसके बाद पहलवानों का विरोध रंग लाया और भारतीय कुश्ती संघ पर भारत सरकार ने डब्लूएफआइ की पूरी बॉडी को ही सस्पेंड कर दिया है।

दरअसल तमाम विवाद के बाद अब रविवार को केंद्र सरकार ने नया कुश्ती संघ निलंबित कर दिया है। साथ ही डब्लूएफआइ अध्यक्ष संजय सिंह की मान्यता रद्द कर दी गई है। खेल मंत्रालय द्वारा जो आदेश जारी किया गया है, उसमें बताया गया है कि नई बॉडी ने जिन प्रतियोगिताओं का ऐलान किया है, वो पूरी तरह से नियमों के विरुद्ध हुआ है। ऐसे निर्णय कार्यकारी समिति द्वारा लिए जाते हैं, जिसके समक्ष एजेंडे को विचार के लिए रखा जाना आवश्यक होता है।

यह भी पढ़ें- बृजभूषण सिंह के करीब संजय सिंह बने भारतीय कुश्ती संघ अध्यक्ष, साक्षी मलिक ने जताया विरोध, किया कुश्‍ती छोड़ने का ऐलान

हाल ही में भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव संपन्न हुए थे, जिसमें संजय सिंह अध्यक्ष चुने गए थे, लेकिन अब केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए भारतीय कुश्ती संघ की नई बॉडी को ही सस्पेंड कर दिया, सरकार का कहना है कि ये चुनाव नियमों के खिलाफ हैं और पुरानी बॉडी के प्रभाव में दिखाई पड़ते हैं।

बता दें कि भारत का कुश्ती महासंघ पिछले एक साल से विवादों में हैं। कई बड़ी महिला पहलवानों ने डब्लूएफआइ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था, इसी के बाद बवाल शुरू हुआ था।

यह भी पढ़ें- अब बजरंग पूनिया ने लौटाया पद्मश्री, PM आवास के सामने फुटपाथ पर छोड़ा, नरेंद्र मोदी को लेटर लिख बताई वजह