सपाईयों से बोले अखिलेश, जनता के बीच जाकर करें मोदी व योगी सरकार की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश

अपराधियों को संरक्षण

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को एक बार फिर भाजपा सरकारों पर हमला बोला है। आज सपा मुख्‍यालय पर अखिलेश यादव ने सपा नेता व कार्यकर्ताओं से साल 2022 में होने वाले यूपी विधानसभा की चुनावी तैयारियों के बारे में बात करते हुए कहा कि मोदी व योगी सरकार की जनविरोधी नीतियों का जनता के बीच जाकर पर्दाफाश करें।

यह भी पढ़ें- शिवपाल ने अखिलेश यादव को पत्र लिखकर जताया आभार, तो लगने लगे सपा में वापसी की कयास

सपा अध्‍यक्ष ने कहा कि मोदी व योगी सरकार की नीतियों का पर्दाफाश करने के साथ ही पीड़ित, दुखी तथा असहाय लोगों की जितनी हो सकें सहायता करें। अखिलेश ने भाजपा सरकारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसान लुट रहा, मजदूर भूखा मर रहा, बेरोजगारी सुरसा की तरह आकार बढ़ाती जा रही है, नौकरी के नाम पर युवकों को धोखा दिया जा रहा है, छात्र वर्ग कुंठित है। बुनकर, दस्तकार और छोटा, मझोला, बड़ा उद्यमी किसानों की तरह आत्महत्या करने को मजबूर है, जबकि देश की सीमाएं सिकुड़ रही हैं। भाजपा सरकार ने जनता का भरोसा तोड़ने का काम किया है।

जनता अपने साथ हुए विश्‍वासघात को नहीं सकती भूल 

अखिलेश ने आगे कहा कि कोरोना महामारी से पूरा देश भयाक्रांत है। लॉकडाउन ने सामाजिक-आर्थिक सभी गतिविधियां ठप्प कर दी हैं। लाखों श्रमिक बेरोजगार हो गए, जबकि भाजपा ने सत्ता में आने के बाद जनहित का कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया है। जनता अपने साथ हुए विश्‍वासघात को भूल नहीं सकती है। इसलिए हमारा मुख्य लक्ष्य उत्तर प्रदेश में कुशासन का पर्याय बन गई भाजपा सरकार को साल 2022 के चुनावों में सत्ता से बेदखल करना है।

यह भी पढ़ें- अब 16 साल की Tik Tok स्‍टार सिया ने किया सुसाइड, जान देने से पहले अपलोड किया ये Video