CM योगी का आरोप, बैलेट बॉक्स लूटने वाले उठा रहें EVM पर सवाल

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईवीएम पर सवाल उठाने पर कांग्रेस ओर इंडिया गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। योगी ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये वही लोग हैं जो बैलेट लूटने का काम करते थे। लोकसभा चुनाव में पुख्ता हार को देख कांग्रेस के लोग ईवीएम पर दोषारोपण कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि  कांग्रेस, सपा या इंडिया गठबंधन से जुड़े दूसरे दल जब भी चुनाव हार रहे होते हैं तब ये हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ने का प्रयास करते हैं। 2014 से लगातार आप ये बात सुन रहे हैं। गत वर्ष हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनी। क्या ये बैलेट पेपर से बनी थी? 2009 में केंद्र में यूपीए की सरकार बनी। क्या ये बैलेट पेपर से बनी थी?

यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, EVM-VVPAT पर सभी याचिकाएं कीं खारिज

कांग्रेस और उसके सहयोगी दल देश को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, जो लोग आज ईवीएम को नकार रहे हैं, ये वही लोग हैं जो बैलेट लूटने का काम करते थे। अब तक दो चरणों के चुनाव में रूझान फिर एक बार मोदी सरकार के हैं।” देश ने तय कर लिया है कि अबकी बार 400 पार का जनादेश एनडीए को देने जा रही है।

जब एनडीए भाजपा के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है तो खीझ मिटाने के लिए इंडी गठबंधन के लोग ईवीएम को निशाना बना रहे हैं। ये लोग अपनी हार को पुख्ता कर रहे हैं और दोषारोपण के लिए ईवीएम सबसे सस्ता औजार है।

यह भी पढ़ें- CM योगी ने कहा, कांग्रेस करना चाहती है धार्मिक आधार पर आरक्षण का बंटवारा