कांग्रेस विधायक दल के नेता सुखविंदर सिंह बने हिमाचल के मुख्‍यमंत्री, मुकेश अग्निहोत्री ने ली डिप्‍टी CM की शपथ

सुखविंदर सिंह

आरयू वेब टीम। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल के नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को राज्य के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। साथ ही पार्टी नेता मुकेश अग्निहोत्री ने भी उपमुख्यमंत्री के रूप में शिमला के ऐतिहासिक रिज में शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह में पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। राज्य में मुख्यमंत्री समेत कैबिनेट मंत्रियों की अधिकतम संख्या 12 हो सकती है। कैबिनेट का बाद में विस्तार किया जाएगा।

वहीं शपथ ग्रहण के बाद डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा- ‘हम पहली कैबिनेट बैठक में जनता से किए गए अपने वादों को पूरा करेंगे। पुरानी पेंशन योजना बहाल होगी…पहले लोग कहते थे कि कांग्रेस किसी भी राज्य में सत्ता में नहीं आएगी, लेकिन आज हमने भाजपा का ‘रथ’ रोक कर दिया है।’

केंद्रीय पर्यवेक्षकों-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शनिवार शाम को विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद के लिए क्रमश: पार्टी की चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख रहे सुक्खू (58) और विपक्ष के नेता रहे अग्निहोत्री (60) के नामों की घोषणा की थी।

बाद में, नामित मुख्यमंत्री सुक्खू ने राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश में नयी सरकार बनाने का दावा पेश किया था। उनके साथ हिमाचल प्रदेश में पार्टी के प्रभारी राजीव शुक्ला और कांग्रेस की राज्य इकाई की प्रमुख प्रतिभा सिंह भी राज्यपाल के पास गई थीं।

राज्यपाल को हिमाचल प्रदेश में नयी सरकार के गठन का दावा करने के लिए एक औपचारिक पत्र सौंपा गया। प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने मुख्यमंत्री के रूप में सुक्खू के चयन को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया था। बाद में सिंह ने कहा कि वह पार्टी आलाकमान का फैसला स्वीकार करती हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में कांग्रेस का घोषणापत्र जारी, पुरानी पेंशन बहाली व एक लाख नौकरी देने समेत किया ये वादा

सुक्खू निचले हिमाचल इलाके के पहले कांग्रेस नेता हैं, जो मुख्यमंत्री बन रहे हैं। वह प्रेम कुमार धूमल के बाद हमीरपुर जिले के दूसरे ऐसे नेता हैं, जो मुख्यमंत्री के पद पर आसीन होंगे। कांग्रेस ने हिमाचल विधानसभा चुनाव में कुल 68 में से 40 सीट जीतकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बाहर कर दिया है।

यह भी पढ़ें- जनता के विरोध के बाद AAP से कांग्रेस में वापस लौटे दोनों पार्षद, मांगी माफी