आरयू ब्यूरो, लखनऊ। आगामी यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटी कांग्रेस अब सीटों के बंटवारे की बातचीत आगे बढ़ा रही है। सपा के साथ सीटों की संख्या तय करने के लिए मंगलवार को होने वाली बैठक से पहले कांग्रेस ने पांच सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है।
सोमवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मौजूदगी में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक हुई। इसी बैठक के बाद सीटों के बंटवारे पर वार्ता के लिए कमेटी गठित की गई।
इस कमेटी में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और केरल की वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद को शामिल किया गया है। जो मंगलवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं के साथ सीट बंटवारे पर होने वाली बातचीत में शामिल होगी।
यह भी पढ़ें- राम गोविंद चौधरी ने की नितिन गडकरी की तारीफ, अखिलेश-राहुल को बताया लोकप्रिय नेता
बैठक के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने मीडिया को बताया कि मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल, अजय माकन और प्रियंका गांधी के साथ बैठक हुई। इसमें उत्तर प्रदेश में पार्टी के पूरे अभियान को लेकर चर्चा की गई। साथ ही कहा कि दिसंबर के पहले सप्ताह से हाई स्पीड कैंपेन शुरू किया जाएगा। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर तक तैयार रखने और अभियान में सभी स्तरों के पदाधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।
राहुल-प्रियंका करेंगे यूपी में चुनाव प्रचार
वहीं दिल्ली में हुई बैठक में शामिल उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी ने मीडिया को बताया कि इसमें प्रदेश में चुनाव प्रचार और संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। दिसंबर के पहले सप्ताह से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार शुरू करेंगे। वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा हिंदुत्व के एजेंडे के साथ आगे बढ़ती है, जबकि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनावी मैदान में उतरती है।




















