LPG सिलेंडर, फास्टैग टोल पास कल से लागू होंगे ये पांच बदलाव

फास्टैग टोल

आरयू वेब टीम। एक नवंबर से आम जनता की जेब और दैनिक दिनचर्या से जुड़े कई बड़े वित्तीय और तकनीकी नियम बदलने जा रहे हैं। इनमें एलपीजी रसोई गैस के दाम की समीक्षा, हाईवे टोल प्लाजा के पास रहने वालों के लिए 1500 का सालाना लोकल पास, मोबाइल पर कॉलर का नाम दिखाने की अनिवार्य व्यवस्था और जीएसटी रिफंड प्रक्रिया को सरल बनाने जैसे अहम बदलाव शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- घरेलू सिलेंडर हुआ फिर महंगा, रसोई गैस में 29 रुपये की बढ़ोतरी

दरअसल गैस सिलेंडर की कीमतों में संशोधन, हाईवे आवागमन के नए नियम, शराब की खरीद पर डिजिटल पेमेंट अनिवार्यता और मोबाइल कॉलिंग प्रणाली में सुधार से जुड़े ये बदलाव व्यापक असर डालेंगे।

​गैस सिलेंडर और विमान ईंधन के दाम

प्रत्येक माह की पहली तारीख की तरह ऑयल मार्केटिंग कंपनियां एलपीजी गैस सिलेंडरों के दामों की समीक्षा कर नई दरें जारी करेंगी। पिछले माह कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। नए महीने की शुरुआत पर घरेलू और कमर्शियल दोनों प्रकार के सिलेंडरों के साथ हवाई ईंधन की संशोधित दरों पर आम उपभोक्ताओं और एयरलाइन सेक्टर की नजरें टिकी हुई हैं।

​1000 से महंगी शराब पर कैश बंद

शराब की खुदरा बिक्री और राजस्व पारदर्शिता को लेकर तमिलनाडु में बड़ा नियम लागू होने जा रहा है। तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (TASMAC) के नए आदेश के मुताबिक, अब एक हजार रुपये से अधिक कीमत वाली शराब की बोतलों की खरीद पर नकद लेन-देन पूरी तरह बंद रहेगा। ग्राहकों को ऐसी खरीदारी के लिए डिजिटल माध्यमों जैसे यूपीआई, डेबिट या क्रेडिट कार्ड से ही भुगतान करना अनिवार्य होगा।

​एक्सप्रेसवे ट्रैफिक के नए प्रतिबंध

जीएसटी प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए टैक्स रिफंड में होने वाली देरी को कम करने और दस्तावेजों का बोझ घटाने की दिशा में नए प्रावधान लागू हो रहे हैं। इसके साथ ही यातायात नियमों में भी सख्त कदम उठाए गए हैं। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के नए कनेक्टिंग लिंक पर छोटे कमर्शियल और मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर स्थायी रोक प्रभावी हो रही है। वहीं दिल्ली में विंटर एक्शन प्लान के तहत दूसरे राज्यों में रजिस्टर्ड पुराने गैर-बीएस6 वाहनों के प्रवेश पर रोक लागू रहेगी।

​मोबाइल पर कॉलर का नाम दिखाना अनिवार्य

मोबाइल उपभोक्ताओं को फर्जी कॉल्स और स्पैम से बचाने के लिए दूरसंचार विभाग (DoT) का निर्देश प्रभावी हो रहा है। इसके तहत टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स को कॉलिंग नेम प्रजेंटेशन (CNAP) सिस्टम लागू करने को कहा गया है। इस नई तकनीक के जरिए फोन की घंटी बजते ही अनजान नंबर के साथ सिम धारक का वेरिफाइड नाम स्क्रीन पर नजर आएगा, जिससे लोगों को थर्ड-पार्टी ऐप्स पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

टोल प्लाजा के पास रहने वालों के लिए 1500 का सालाना पास

हाईवे पर नियमित सफर करने वाले वाहन मालिकों को राहत देने के लिए टोल पास के नियमों में बड़ा सुधार किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले गैर-व्यावसायिक निजी वाहन मालिकों के लिए नया वार्षिक फास्टैग लोकल पास पेश किया जा रहा है। 1500 रुपये के इस सालाना पास से स्थानीय लोगों को बार-बार टोल चुकाने के भारी खर्च से मुक्ति मिलेगी।

यह भी पढ़ें- UP: टोल प्लाजा पर LPG टैंकर में हुआ ब्लास्ट, जिंदा जल गया ड्राइवर, सात झुलसे