कर्नाटक जनसभा में बोलीं प्रियंका गांधी, ‘सिर्फ झूठे वादे करती है भाजपा, जनता को हर स्तर पर दिया धोखा’

प्रियंका गांधी
जनसभा को संबोधित करतीं प्रियंका गांधी।

आरयू वेब टीम। दस मई को कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी पार्टियां पूरा जोर लगा चुनावी मैदानों में उतरी हुई हैं। वहीं रविवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी कर्नाटक के बेलगावी जिले के खानपुर पहुंची हैं। यहां प्रियंका गांधी ने जनसभा को संबोधित कर भाजपा पर जमकर हमला बोला। प्रियंका ने कहा कि भाजपा झूठे वादे करती है और उन्हें कभी पूरा नहीं करती है, लेकिन कांग्रेस ने अपने सभी वादे पूरे किए हैं।

साथ ही कहा की कांग्रेस का हमेशा लोगों के लिए काम करने का मकसद रहा है न कि उनके साथ विश्वासघात करने का। प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि आपने इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का काम देखा है और आप सभी को भरोसा है कि हम जनता के लिए कुछ करेंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा ने हर स्तर पर जनता को धोखा दिया है। भाजपा जनता को मुख्य विषय से भटकाने की कोशिश कर रही है जो बेरोजगारी, विकास कार्य नहीं होना आदि हैं।

हमारे मुद्दे स्पष्ट हैं, हम जनता को मुख्य मुद्दों से नहीं भटकाएंगे। यह चुनाव जनता द्वारा अपना नेता चुनने के लिए है। वे अच्छी तरह जानते हैं कि उन्हें लूटा गया है और वे अब बदलाव चाहते हैं। प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि भाजपा की सरकार ने कर्नाटक से 1.50 लाख करोड़ रुपए लूटे हैं। ये लूट की, झूठ की सरकार है। इन पैसों से कर्नाटक में 100 एआइआइएमएस के अस्पताल, बच्चों के लिए 30,000 स्मार्ट क्लासरूम, 30 लाख गरीबों के लिए घर बन सकते थे। (भाजपा ने) हर स्तर पर जनता को लूटा है और धोखा दिया है।

यह भी पढ़ें- महिला पहलवानों के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंचीं प्रियंका ने मोदी सरकार पर लगाया बृजभूषण के सामने नतमस्तक होने का आरोप

खानापुर में कांग्रेस महासचिव ने जनसभा को संबोधित कर कहा की कर्नाटक की बहनों के लिए कांग्रेस की विशेष घोषणा आंगनबाड़ी बहनों का मानदेय 15,000 रु तक, मिनी आंगनबाड़ी बहनों का मानदेय 10,000 रु तक, आशा बहनों का मानदेय 8,000 रुपए तक और मिड-डे मील की बहनों का मानदेय 5,000 रुपए तक बढ़ाया जाएगा। आंगनबाड़ी से रिटायरमेंट के बाद तीन लाख और मिनी आंगनबाड़ी से रिटायरमेंट के बाद दो लाख रुपए मिलेंगे।

यह भी पढ़ें- कर्नाटक की जनसभा में बोलीं प्रियंका, बोम्मई सरकार ने आपको लूटा, भाजपा ने जनाकांक्षा को धनबल से पलटा