महिला पहलवानों के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंचीं प्रियंका ने मोदी सरकार पर लगाया बृजभूषण के सामने नतमस्तक होने का आरोप

जंतर मंतर पर प्रियंका
जंतर-मंतर पर महिला पहलवानों को हौसला देतीं प्रियंका गांधी।

आरयू वेब टीम। यूपी से भाजपा सांसद व भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन शोषण मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठे पहलवानों से शनिवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मुलाकात कर उनके प्रति समर्थन जताया। साथ ही मोदी सरकार पर एक बाहुबली के सामने नतमस्तक होने का आरोप भी लगाया है। प्रियंका ने ये भी आरोप लगाया कि सरकार बृजभूषण शरण सिंह को बचा रही है।

कांग्रेस नेता ने मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि सबसे पहले बृजभूषण सिंह को उनके पद से हटाया जाना चाहिए। क्योंकि पद पर रहते हुए वह शक्ति का दुरुपयोग और पहलवानों का करियर बर्बाद करते रहेंगे। साथ ही सरकार पर निशाना साधते हुए ये सवाल किया कि सरकार बृजभूषण को बचा क्यों रही है? एक सवाल के जवाब में उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कोई उम्मीद नहीं है।

दरअसल प्रियंका कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए रवाना होने से पहले शनिवार सुबह जंतर-मंतर पहुंचीं। उन्होंने महिला पहलवानों से अलग बातचीत भी की और कुछ देर वहां बैठीं। बाद में प्रियंका ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा, “ये खिलाड़ी हमारा मान हैं। ये देश के लिए पदक जीतती हैं। पूरा देश उनके साथ है। इन्हें न्याय मिले-पूरा देश यही चाहता है।”

उन्होंने कहा, “ये किसान परिवारों की बेटियां हैं। ज्यादातर खिलाड़ी मध्यम वर्ग के परिवारों से आते हैं। सबने बहुत संघर्ष किया है, बहुत कुछ सहा है और अपनी मेहनत एवं प्रतिभा से अपने देश और परिवार का नाम रोशन किया है।” इस दौरान प्रियंका ने जोर देकर कहा, “इस मामले में कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। आज हम सबकी जिम्मेदारी है कि इनका दर्द समझें। जो मुख्य बात ये कह रही हैं, उसे समझें। ये बेटियां देश का गौरव हैं। अगर इनकी नहीं सुनेंगे, तो किसकी सुनेंगे। दुनिया के पहलवानों को हराने वाली ये लड़कियां क्या अपने देश में सिस्टम से हार जाएंगी?”

यह भी पढ़ें- बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ विनेश फोगाट समेत भारत का दुनिया में नाम रोशन करने वाले पहलवानों का धरना जारी, SC में दाखिल की याचिका

उन्होंने कहा, “ये दूसरी बार धरने पर बैठी हैं। कई खिलाड़ियों ने बोला है, शिकायत की है कि उनके साथ गलत किया जाता है। कम उम्र की बच्चियों के साथ गलत हुआ है। ये बहुत बड़ी बात है। अगर इनके साथ न्याय नहीं हुआ, तो हजारों लड़कियों का हौसला और भरोसा टूट जाएगा।”

कांग्रेस महासचिव ने कहा, “जब ये खिलाड़ी मंच पर चढ़ते हैं, जब ये ओलंपिक के अखाड़े में उतरते हैं, बड़े-बड़े देशों के पहलवानों से लड़ते हैं, उन्हें पछाड़ते हैं, तो इनके संघर्ष में, इनकी हार और जीत में पूरा देश इनके साथ खड़ा होता है।” उन्होंने कहा, “हजारों लड़के और लड़कियां इन्हें देखकर प्रेरणा पाते हैं कि हम भी कर सकते हैं, हम भी करेंगे। मेहनत करेंगे और देश का नाम ऊंचा करेंगे।”

यह भी पढ़ें-  IOA को यौन शोषण की लिखित शिकायत के बाद पहलवानों ने कहा, हम देश के लिए खेलते न कि किसी जाति के लिए