महागठबंधन में शामिल होकर बोले उपेंद्र कुशवाहा, NDA में हुआ अपमान

महागठबंधन
प्रेसवार्ता करते विभिन्न पार्टियों के नेता।

आरयू वेब टीम। 

तमाम अटकलों के बाद गुरुवार को आखिरकार राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी (रालोसपा) औपचारिक रूप से संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) का हिस्सा बन गई है। दिल्ली में आयोजित एक प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेता और बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने इस बात का ऐलान किया। हालांकि आज लोकसभा चुनाव के लिए बिहार में सीट बटवारे की भी उम्‍मीद जतायी जा रही थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

वहीं रालोसपा अध्यक्ष और पूर्व कंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि आज से हमारी पार्टी यूपीए गठबंधन का हिस्सा हैं। कुशवाहा ने लालू, राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि इन लोगों के उदारता के कारण ही हमारी पार्टी महागठबंधन का हिस्सा बन पाई है।

अलग होने की बात पर कुशवाहा ने कहा कि एनडीए में मेरा अपमान हुआ है। मोदी और भाजपा पर हमला करते हुए कुशवाहा ने कहा कि इनके कथनी और करनी में बहुत अंतर है। राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कुशवाहा ने कहा कि उन्होंने जो कहा वो कर दिखाया है।

यह भी पढ़ें- महागठबंधन: लोकसभा चुनाव के लिए बिहार में सीट बंटवारे का फॉर्मूला तैयार

इस दौरान आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हम सब संविधान बचाने के लिए साथ एक हो रहें है। मोदी सरकार पर हमला करते हुए तेजस्वी कहा इस वक्त देश में अघोषित आपातकाल है और मोदी सभी को दबाने की कोशिश कर रहे हैं, वो देश में तानाशही कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- बोले उपेंद्र कुशवाहा, लोकसभा चुनाव के लिए BJP ने नहीं की सम्‍मानजक सीटों की पेशकश

तेजस्वी ने कहा कि मोदी ने देश की जनता को ठगने का काम किया है और इसलिए 2019 में उनकी विदाई तय है। तेजस्वी ने देश स्तर पर महागठबंधन बनाने की भी वकालत की। इस मौके पर हम पार्टी के अध्यक्ष जीतन राम मांझी, वरिष्ठ समाजवादी नेता शरद यादव, अहमद पटेल आदि लोग मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- मोदी की कैबिनेट से उपेंद्र कुशवाहा का इस्तीफा, कहा उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे प्रधानमंत्री, नहीं आए अच्छे दिन