कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस पर प्रमोद तिवारी ने की ब्रिटिश हुकूमत से भाजपा सरकार की तुलना, कही ये बातें

ब्रिटिश हुकूमत भाजपा सरकार
स्‍थापना दिवस पर महात्‍मा गांधी को याद करते प्रमोद तिवारी व अन्‍य।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस पर गुरुवार को पार्टी ने राज्य मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि ‘‘138 साल पहले 1885 में कांग्रेस की स्थापना तब हुई थी जब अंग्रेजों की हुकूमत ने हिन्दुस्तान को गुलामी की बेड़ियों में जकड़ रखा था। ऐसे में कांग्रेस ने आजादी के लिये आंदोलन छेड़ा और संघर्ष किया।

साथ ही भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता ने ब्रिटिश हुकूमत और मौजूदा सरकार की तुलना कर अपने कार्यकर्ताओं से हर ‘जुल्म’ के खिलाफ पूरी लगन से संघर्ष का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि ‘‘अंग्रेजों की हुकूमत में लोगों के अधिकारों पर ताले पड़े थे, किसी को भी अपने हक में आवाज उठाने की आजादी नहीं थी, देशवासियों पर अंग्रेज जुल्म ढाते थे। तब भी कांग्रेस उनके साथ थी और आज भी जिस तरीके से तानाशाही हो रही है, लोगों की आवाज को दबाया जा रहा है तब भी कांग्रेस उनके साथ खड़ी है।

यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने शुरू की यूपी जोड़ो यात्रा

प्रमोद तिवारी ने कहा कि पार्टी ने राहुल गांधी के नेतृत्व में मणिपुर से निकाली जा रही ‘न्याय यात्रा’ के माध्यम से उस अभियान को अनवरत जारी रखा है ताकि गिरते हुए मानवीय मूल्यों को बचाया जा सके और खतरे में पड़े संविधान की रक्षा की जा सके। कांग्रेस सेवादल के सौ वर्ष पूर्ण होने पर स्वयंसेवकों आह्वान करते हुए तिवारी ने कहा कि वे मौजूदा सत्ता के हर जुल्म के खिलाफ पूरी निष्ठा और लगन के साथ संघर्ष करते रहें।

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने अवसर पर बताया कि कांग्रेस पार्टी के जो विचार सिद्धांत हमारे महान नेताओं ने बनाए थे ,जिस रास्ते को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी ने दिखाया था आज भी देशभर में गांव-गांव, शहर- शहर में बैठे कांग्रेस के करोड़ों कार्यकर्ता-नेता उन्हीं विचारों और रास्तों पर चलकर देश के लिए कार्य कर रहे हैं, ऐसे समय में हमारी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है जब देश के लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश हो रही हो संविधान समाप्त किया जा रहा हो, लोकतंत्र के लिए जरूरी संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता खतरे में हो, ऐसे में जो आजादी हमें अपने नेताओं और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व क्रांतिकारियों के द्वारा मिली उसे बनाए रखने के लिए आज स्थापना दिवस पर शपथ लेते हैं कि उसके लिए आजीवन लड़ते रहेंगे

यह भी पढ़ें- योगी सरकार के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, उठाया महिला अपराध का मुद्दा

स्थापना दिवस के मौके पर पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभारी प्रशासन दिनेश कुमार सिंह, प्रदेश महासचिव मुकेश सिंह चौहान, पूर्व मंत्री नकुल दुबे, सेवादल संगठक राजेश सिंह काली, सतीश बिंद, शमीम खान, पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव, वीरेंद्र नाथ त्रिपाठी, कैप्टन वंशीधर मिश्रा, दिग्विजय सिंह, द्विजेन्द्र त्रिपाठी, वीरेन्द्र मदान, रमेश मिश्रा, कृष्णकांत पाण्डेय, जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, बृजेन्द्र सिंह, विजय बहादुर, सिद्धि श्री, सुनीता रावत, सुधा मिश्रा, विभा त्रिपाठी, अनामिका यादव, अमित त्यागी, शमशाद आलम, अशोक कुमार दुबे, नीरज तिवारी, जितेन्द्र कुमार वर्मा, संजय शर्मा व विनोद मिश्रा सहित कांग्रेस के अन्‍य नेता उपास्थित रहे।