एक दिन में तीन महिलाओं से लूट की घटना का जिक्र कर प्रियंका ने अमित शाह के गहने लादने वाले बयान को बताया ‘जुमला’

महिला सुरक्षा

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है वैसे-वैसे नेताओं की जुबानी जंग शुरू हो चुकी है। इसी क्रम में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी के कानपुर में अपराध की कुछ घटनाओं को लेकर शनिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। प्रियंका ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह “गहने लादकर निकलने” वाला जुमला देते हैं, लेकिन ये तो महिलाओं को ही पता है कि उन्हें रोज किस तरह की चीजों से जूझना पड़ता है।”

प्रियंका गांधी ने आज अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से एक ही दिन में कानपुर के तीन अलग-अलग इलाकों में महिलाओं से चेन लूट की खबर ट्विट कर कहा कि देश के गृहमंत्री जी “गहने लादकर निकलने” वाला जुमला देते हैं, लेकिन ये तो उत्‍तर प्रदेश की महिलाओं को ही पता है कि उन्हें रोज किस तरह की चीजों से जूझना पड़ता है। इसलिए ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ जरूरी है। ताकि राजनीति में व सुरक्षा से जुड़ी नीतियां बनाने में महिलाओं की भागीदारी बढ़े।

यह भी पढ़ें- लड़की हूं, लड़ सकती हूं नारे के साथ UP की सियासत में प्रियंका गांधी का बड़ा ऐलान, विधानसभा चुनाव में महिलाओं को कांग्रेस देगी 40 प्रतिशत टिकट

मालूम हो कि अमित शाह ने पिछले दिनों यूपी में कानून-व्यवस्था की स्थिति की तारीफ करते हुए कहा था कि आज 16 साल की बच्ची भी गहने लेकर रात 12 बजे भी यूपी की सड़कों पर चल सकती है। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा के खेल में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था का हाल देखकर खून खौल जाता था। हर जिले में दो-तीन माफिया-बाहुबली हुआ करते थे, लेकिन 2017 में आई योगी सरकार ने ऐसा काम किया कि आज दूरबीन से देखने पर भी यहां माफिया नहीं दिखते।

यह भी पढ़ें- योगी के गढ़ में बरसीं प्रियंका, मदद की जरुरत पर मुंह फेर लेती है BJP सरकार, 70 साल की मेहनत सात साल में कर दी बर्बाद