आराधना मोना ने भाजपा की मानसिकता को बताया महिला विरोधी, “कहा, 107 में मात्र दस महिला उम्‍मीदवार, वो भी रसूखदार”

महिला विरोधी मानसिकता
आराधना मिश्रा मोना। (फाइल फोटो)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। महिलाओं के अधिकार, सम्‍मान, स्‍वास्‍थ्‍य व सुरक्षा को मुद्दा बनाकर यूपी विधानसभा चुनाव में उतरी कांग्रेस ने आज एक बार फिर भाजपा पर हमला बोला है। शानिवार को कांग्रेस विधायक और विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने भाजपा की मानसिकता को महिला विरोधी बताते हुए कहा है कि आज भाजपा ने 107 विधानसभा उम्‍मीदवारों की लिस्‍ट में मात्र दस महिलाओं को जगह दी है, और यह महिलाएं भी रसूखदार हैं। इससे यह बात एक बार फिर साबित हो गयी कि भाजपा की मानसिकता महिला विरोधी है, वह कभी भी महिलाओं का हित नहीं साध सकती।

आज अपने एक बयान में आराधना मोना ने कांग्रेस की नीतियों की बात करते हुए कहा कि कांग्रेस ने न सिर्फ अपने 40 प्रतिशत सीटें महिलाओं को देने की प्रतिज्ञा पूरी की है, बल्कि अपनी पहली सूची में असमानता, अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर रही महिलाओं को विधानसभा में चुनकर आने और अपनी बात को पूरे प्रदेश के सामने प्रमुखता से रखने का मौका दिया है।

महिलाएं मजबूती के साथ अपनी बात रखेंगी

उन्होंने कहा कि ‘‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’’ की शुरुआत से ही भाजपा वाले इस अभियान पर हमला कर रहे हैं, क्योंकि इस अभियान का मूल उद्देश्य महिलाओं का सशक्तिकरण है। प्रियंका गांधी जी ने अपनी प्रत्याशियों की लिस्ट में 40 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देकर इसकी शुरुआत भी कर दी है। आने वाले समय में महिलाएं मजबूती के साथ अपनी बात रखेंगी।

यह भी पढ़ें- अयोध्‍या नहीं, गोरखपुर से सीएम योगी लड़ेंगे विधानसभा का चुनाव, BJP ने जारी की 107 उम्‍मीदवारों की सूची, देखें

सीएम पर निशाना साधते हुए कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता ने कहा कि योगी जी खुद कहते हैं कि महिलाओं की शक्ति को नियंत्रित करना चाहिए। हाथरस में बेटी का शव जलाने वाली, अपने बलात्कारी एमएलए का संरक्षण करने वाली भाजपा की महिला विरोधी मानसिकता से ये साफ जाहिर है कि वह महिलाओं के सशक्तिकरण के खिलाफ है। आज उनकी टिकट की लिस्ट देखकर ये और साफ हो गया।

यह भी पढ़ें- प्रियंका ने जारी की 50 महिलाओं समेत कांग्रेस के 125 उम्‍मीदवारों की पहली लिस्‍ट, उन्‍नाव समेत कई जिलों के पीड़ित परिवारों पर जताया भरोसा

वहीं चुनावी वादों की बात करते हुए मोना ने कहा है कि कांग्रेस प्रतिज्ञा पत्र के अहम वादे को हमने पूरा किया है, सरकार बनने पर प्रदेश की बेटियों, महिलाओं, युवाओं, किसानों से किए गए हर वादे को पूरा किया जाएगा। यह हमारी कांग्रेस पार्टी की प्रतिज्ञा है और अपनी प्रतिज्ञाओं को हम पूरा करेंगे।