यूपी के हर वार्ड व गांव तक कैलेंडर के जरिए पहुंच रहा प्रियंका गांधी का संघर्ष

प्रियंका गांधी का संघर्ष

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी में कांग्रेस की कमान संभालने के बाद सड़कों से लेकर गांव की पगडंडियों तक संघर्ष करने वाली प्रियंका गांधी की कहानी अब कैलेंडर के जरिए हर शहर व गांव तक कांग्रेस पहुंचा रही है।

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस ने प्रियंका की विभिन्‍न तस्‍वीरों वाले दस लाख कैलेंडर छपवाएं हैं। साल 2012 के यह कैलेंडर हर गांव और शहरों के हर वार्ड तक वितरित करने का निर्देश पदाधिकारियों को दिया गया है। हर जिले और शहर कमेटी के लिए उसके आबादी के अनुसार प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की ओर से कैलेंडर दिए जा रहे हैं।

कैलेंडर में प्रियंका गांधी के जनसंपर्कों और संघर्षों की तस्वीरें हैं। 12 पेज के इस कैलेंडर में पहले पेज पर सोनभद्र के उभ्भा कांड के बाद अपनी संवेदना व्यक्त करने सोनभद्र पहुंची प्रियंका गांधी की तस्वीर आदिवासी महिलाओं के साथ छपी है।

यह भी पढ़ें- सोनभद्र पहुंचीं प्रियंका ने नरसंहार कांड पीड़ितों का जाना हाल, कश्‍मीर से धारा 370 हटाने को लेकर भी दिया बड़ा बयान

कैलेंडर के दूसरे पन्‍ने पर हाथरस में पीड़िता के मां से गले लगते महासचिव प्रियंका गांधी की तस्वीर छपी है। इसके अलावा हाथरस जाते हुए रास्ते में पुलिसिया लाठीचार्ज से कार्यकर्ताओं को बचाते हुए भी महासचिव की तस्वीर इस कैलेंडर में है। वहीं सीएए व एनआरसी के खिलाफ लगातार सड़कों पर संघर्ष करती रही प्रियंका की एक तस्वीर आजमगढ़ जिले की भी है। जिसमें वे पीड़ित परिवार की एक बच्ची के आंसू पोछ रही हैं।

कैलेंडर में इसके साथ अमेठी, राएबरेली, हरियाणा, झारखंड सहित यूपी में प्रियंका गांधी द्वारा किये गए जनसंपर्कों व जनसभा संबोधन की तस्वीरों को भी जगह दी गयी है।

यह भी पढ़ें- आजमगढ़ में महिलाओं ने सुनाई पुलिसिया बर्बरता की कहानी तो बोलीं प्रियंका, ये देश व संविधान बचाने की लड़ाई, हम भी नहीं हटेंगे इंच भर पीछे

बताते चलें कि वर्तमान में यूपी में कांग्रेस फिलहाल अपने संगठन सृजन अभियान में व्यस्त है। प्रदेश में न्याय पंचायत के अध्यक्षों और ब्लाक कांग्रेस कमेटी के गठन का काम बहुत तेजी से चल रहा। कांग्रेस के पदाधिकारी तीन जनवरी से अपने प्रभार वाले जिलों में प्रवास पर भी हैं।

यह भी पढ़ें- काफिला रोकने पर प्रियंका ने जिस स्‍कूटी से तय की थी दूरी, अब लखनऊ पुलिस ने उसका काटा 61 सौ का चालान