सोनभद्र पहुंचीं प्रियंका ने नरसंहार कांड पीड़ितों का जाना हाल, कश्‍मीर से धारा 370 हटाने को लेकर भी दिया बड़ा बयान

सोनभद्र में प्रियंका
सोनभद्र में ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हाल जानतीं प्रियंका गांधी।

आरयू ब्‍यूरो, वाराणसी/सोनभद्र। सोनभद्र में जमीन विवाद को लेकर हुए नरसंहार कांड में मारे गए दस लोगों के परिजनों से मिलने मंगलवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सोनभद्र पहुंचीं। उभ्‍भा गांव में पीड़ितों का हाल जानने के बाद प्रियंका ने आज पहली बार जम्‍मू-कश्‍मीर से धारा 370 हटाए जाने को लेकर बड़ा बयान दिया।

उन्‍होंने धारा 370 के मुद्दे पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि ‘जिस तरीके से यह किया गया वह असंवैधानिक है और लोकतंत्र के सिद्धांतों के खिलाफ है। जब ऐसा कुछ होता है तो कुछ नियम होते हैं, जिनका पालन करना होता है, जिनका पालन नहीं हुआ।’ यहां बताते चलें कि इससे पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि केंद्र सरकार ने जो फैसला लिया है, वह संविधान का उल्लंघन है और इस फैसले से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता है।

वहीं प्रियंका ने बकरीद के मौके पर ट्वीट कर कश्‍मीर के लोगों को ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी थी। प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया था, ‘ईद मुबारक! खास तौर पर कश्मीर की मेरी बहनों-भाइयों को जो भयानक बंदिशें और दिक्कतें झेल रहे हैं। साथ ही उन्‍होंने ये भी कहा था कि केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र में बाढ़ का सामना कर रहे उन परिवारों को भी जो शायद आज पूरी तरह से ईद के त्योहार को मना नहीं पाए।’

यह भी पढ़ें- खून से लाल हुई UP, जमीन विवाद में सोनभद्र में गोली बरसाकर तीन महिलाओं समेत दस की हत्या, 25 घायल

दूसरी ओर आज नरसंहार पीड़ितों से मिलने उभ्भा गांव पहुंचीं प्रियंका करीब दो घंटे तक गांव में रहीं। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय परिसर में परिजनों से मिलने के लिए बनाए गए स्थल पर वो लगाई गई कुर्सी पर न बैठकर पीड़ित महिलाओं के बीच जाकर जमीन पर बिछाई गई दरी पर बैठ गईं। इसके बाद एक-एक करके मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उनकी स्थिति पूछते हुए सांत्वना दीं।

यह भी पढ़ें- धारा 370 हटाने के सरकार के फैसले से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा: राहुल

सोनभद्र में प्रियंका

साथ ही प्रियंका विवादित खेत देखने भी पहुंचीं और विस्‍तृत रुप से पीड़ितों से जानकारी हासिल की। उन्‍होंने इस दौरान मृतकों के परिजनों के अलावा नरसंहार कांड में घायल व प्रत्‍यक्षदर्शियों से भी नरसंहार वाले दिन का पूरा घटनाक्रम जाना। गांव से लौटते समय इस मुद्दे पर उन्‍होंने पत्रकारों से आज कहा कि घटना बहुत बड़ी है, लेकिन इसके बाद भी प्रशासन द्वारा पीड़ितों को परेशान किया जा रहा है। कांग्रेस इसे उच्च सदन में उठाएगी।

जगह-जगह कार्यकर्ताओं व जनता ने किया स्‍वागत

इससे पहले प्रियंका आज सुबह वाराणसी पहुंचीं, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्‍वागत किया। जिसके बाद वो मिर्जापुर होते हुए सोनभद्र पहुंचीं। मिर्जापुर व सोनभद्र में भी उनका कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता व आम जनता ने उनका फूल-मालाओं और जोरदार नारों से स्‍वागत किया। इस दौरान रास्‍तें में महिलाओं ने भी छतों व बरामदों से उनके स्‍वागत में फूल बरसाए। स्‍वागत से गदगद प्रियंका ने भी अपने अंदाज में आम जनता व कांग्रेस कार्यकर्ता का मुस्‍कुराकर व हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

यह भी पढ़ें- सोनभद्र हत्‍याकांड: धरने पर बैठीं प्रियंका गांधी ने कहा, पीड़ितों से मिले बिना नहीं जाऊंगी वापस