20 अगस्‍त तक 80 लाख नए सदस्‍य बनाएगी भाजपा, जानें अब तक जुड़ चुके हैं कितने लोग

भाजपा सदस्‍यता अभियान
भाजपा नेताओं को संबोधित करते सुनील बंसल।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश की भाजपा सदस्‍यता अभियान के दौरान देशभर में नंबर एक पर है। 50 लाख नए सदस्य बनाने के लक्ष्य के साथ हम काम कर रहे हैं। आज दोपहर 12 बजे तक 48 लाख 66 हजार तीन सौ 51 नए सदस्य बनाए जा चुके हैं। आज रात तक हम अपने लक्ष्य को प्राप्त कर चुके होंगे। ये बातें मंगलवार को भाजपा के संगठन पर्व के मौके पर बीजेपी के प्रदेश मुख्‍यालय में आयोजित प्रदेश के सभी क्षेत्र एवं जिलों के सदस्यता प्रमुखों की बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने कही।

प्रदेश महामंत्री ने आगे कहा कि 20 अगस्त को भाजपा सदस्‍यता अभियान का समापन होगा। बचे हुए सात दिनों में हमसब का प्रयास है की नए लोगों की सदस्यता 80 लाख तक पहुंच जाएगी। आंकड़ों की बात करते हुए सुनील बंसल ने कहा कि बीती छह जुलाई से आज तक (13 अगस्त) नए और पुराने मिलाकर कुल एक करोड़ 36 लाख 36 हजार तीन सौ 16 सदस्य बनाये जा चुके हैं। पूरे भारत में सदस्यता में यूपी का हिस्सा लगभग 30 प्रतिशत को पार कर रहा है।

जिन बूथों पर हम हमेशा हारते थे…

चुनावी रणनीति पर प्रदेश महामंत्री ने कहा कि सी ग्रेड के बूथ जहां भाजपा का कोई सदस्य नहीं था, जिन बूथों पर हमेशा हम हारते थे वैसे बूथों पर 60 से 70 प्रतिशत तक हमें सदस्य बनाने में सफलता मिली है। सदस्य बनाने का औसत तीन लाख प्रतिदिन का रहा है वहीं धारा 370 बिल पास होने के बाद से सदस्यता प्रतिदिन 6-7 लाख तक पहुंच गयी है। हमने तय किया था ऐसे सभी बूथों पर प्रदेश स्तर के नेताओं को विशेष रूप से लगाया गया है।

किया जाएगा सक्रिय सदस्यों का सत्यापन

साथ ही हर बूथ पर 50 न्यूनतम सदस्य बनाने का लक्ष्य था। 16 से 25 अगस्त तक प्राथमिक सदस्यता का सत्यापन किया जाएगा। जबकि 26 से 31 अगस्त तक सक्रिय सदस्यों का सत्यापन प्रदेश स्तर से किया जाएगा। इस समय पूरे प्रदेश में सेक्टर एवं मण्डलों का परिसीमन चल रहा है। जिसको प्रदेश के महामंत्री विजय बहादुर पाठक देख रहे है।

यूपी स्‍नातक एवं शिक्षक क्षेत्र के विधान परिषण चुनाव लड़ेगी भाजपा

वहीं सुनील बंसल ने कहा कि बीजेपी यूपी स्नातक एवं शिक्षक क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव लडे़गी। आज प्रदेश मुख्यालय में सभी जिलों के जिला संयोजकों की बैठक बुलाई गई। चुनाव अभियान के लिए प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री नीलिमा कटियार तथा प्रदेश मंत्री अमर पाल मौर्य सह संयोजक बनाए गए हैं।

15 अगस्‍त पर घरों में फहराया जाए तिरंगा

सुनील बंसल ने निर्देश देते हुए कहा कि इस बार 15 अगस्त के अवसर पर सभी घरों, बूथों, वार्डो, मण्डल और जिलों में भारत का राष्ट्र ध्वज फहरा करके स्वतंत्रा दिवस मनाया जाएगा।

धारा 370 हटने के बाद बाद कश्‍मीर सही मायने में हुआ आजाद

इस मौके पर जनता को यह भी बताएं कि धारा 370 हटाने से कश्मीर सही मायने में अब आजाद हुआ है। 16 अगस्त को भाजपा के संस्थापक सदस्य पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की प्रथम पुण्य तिथि में सभी जिला केंद्रों में श्रद्धांजलि सभा भी आयोजित की जायेगी।

यह भी पढ़ें- सदस्‍यता अभियान में कार्यकर्ताओं से बोले स्‍वतंत्र देव, BJP में कार्यकर्ता ही बनते हैं PM व CM

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष बीएल वर्मा, पुरूषोत्तम खडेलवाल, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, पंकज सिंह, विद्यासागर सोनकर, अशोक कटारिया, सलिल विश्नोई, निलिमा कटियार, प्रदेश मंत्री एवं सह सदस्यता प्रमुख देवेश कोरी के अलावा सभी क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय संगठन मंत्री उपस्थित रहे। संचालन प्रदेश महामंत्री एवं सह सदस्यता प्रमुख गोविन्द नारायण शुक्ला ने किया।

यह भी पढ़ें- सपा को झटका, भाजपा में शामिल हुए पूर्व पीएम चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर ने कहा, मोदी के हाथों में सुरक्षित है देश का भविष्‍य