महाराष्ट्र में दस घंटे चली मुठभेड़ में मारे गए 26 नक्‍सली, चार जवान घायल, गोला-बारूद बरामद

नक्सलियों के साथ मुठभेड़
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पुलिस ने 26 नक्सलियों के मार गिराया है। गढ़चिरौली के एसपी अंकित गोयल ने शनिवार को बताया कि जिले के ग्यारापट्टी के जंगलों में आज महाराष्ट्र पुलिस की सी-60 यूनिट के साथ मुठभेड़ में 26 नक्सलियों का सफाया कर दिया गया है। इनसे भारी संख्या में हथियार, गोला-बारूद और नक्सली साहित्य जब्त किए गए हैं।

एसपी अंकित गोयल ने बताया कि नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में चार जवान भी घायल हुए हैं। घायल पुलिसकर्मियों की पहचान रविंद्र नेताम (42), सर्वेश्वर अतराम (34), महरू कुदमेठे (34) और टीकाराम कटांगे (41) के रूप में हुई है। इन्हें नागपुर के ऑरेंज सिंटी अस्पताल में एडमिट करवाया गया है। साथ ही बताया ये मुठभेड़ गढ़चिरौली के इतिहास में दूसरी सबसे लंबी मुठभेड़ थी। ये सुबह लगभग छह बजे शुरू हुई और शाम चार बजे खत्म हुई।

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़: कांकेर में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में BSF के चार जवान शहीद, दो घायल

वहीं पुलिस मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त में लगी हुई है। अब तक 26 बॉडी रिकवर की गई हैं। इनकी संख्या बढ़ भी सकती है। हालांकि, घने जंगल और रात होने की वजह से सर्च ऑपरेशन अभी होल्ड कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि पहली बार बड़ी संख्या में मारे गए नक्सलियों की लाश मिली है।

पुलिस के साथ मुठभेड़ में मिलिंद तेलतुंबड़े नाम के एक बड़े नक्सली के मारे जाने की सूचना है। इस पर 50 लाख रुपए का इनाम था। पुलिस सरेंडर किए नक्सलियों से मारे गए लोगों की पहचान करवाएगी। पुलिस के मुताबिक, मिलिंद तेलतुंबड़े भीमा कोरेगांव मामले में दायर एनआइए की चार्जशीट में भी आरोपित था।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराए 13 नक्सली