महापंचायत में प्रियंका का हमला, अंग्रेजों की तरह किसानों का शोषण कर रही भाजपा सरकार

महापंचायत में प्रियंका
महापंचायत को संबोधित करतीं प्रियंका गांधी।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/मेरठ। किसान आंदोलन को सौ दिन हो गए हैं, चाहें 100 सप्‍ताह हो जाएं या 100 महीने, उम्‍मीद मत छोड़ि‍ए। हम तब तक ये लड़ाई लड़ते रहेंगे, जब तक सरकार इन काले कानूनों को वापस नहीं ले लेती। ‘ये जो तीन कानून हैं, ये क्या आपके (किसान) भलाई के लिए बनाएं गए हैं या मोदी जी के खरबपति मित्रों के भलाई के लिए बनाएं गए हैं? अंग्रेजों की ही तरह किसानों का शोषण कर रही है भाजपा सरकार।

उक्‍त बातें रविवार को प्रियंका गांधी ने वेस्‍ट यूपी के मेरठ में किसान महापंचायत को संबोधित कर मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा। प्रियंका ने कहा कि आज 100 दिन पूरे हो गए हैं, लाखों किसान बॉर्डर पर बैठें हैं। अगर ये कानून आपके लिए बनाया गया है तो आप में से लाखों लोग बॉर्डर पर क्यों बैठे हैं?’ ‘आज किसान लाखों की संख्या में दिल्ली बॉर्डर पर बैठा है तो क्या इस देश के प्रधानमंत्री और देश की सरकार को उनका आदर नहीं करना चाहिए?

यह भी पढ़ें- किसान महापंचायत में बोलीं प्रियंका, तीन कृषि कानून BJP के पूंजीपति मित्रों के लिए खोलेगा जमाखोरी के दरवाजे

कांग्रेस महासचिव ने सवाल करते हुए कहा कि क्या वो उस लायक भी नहीं कि आप उनसे मिले? भयंकर सर्दी थी, बिजली काटी गई फिर भी किसान टिके रहे फिर भी आप सोचते हैं कि आपको उनके पास नहीं जाना चाहिए।’ प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली बॉर्डर इसलिए नहीं जा सकते, क्योंकि वो किसानों का आदर नहीं कर रहे, क्योंकि उनकी सरकार किसानों के लिए नहीं चल रही है, देशवासियों के लिए नहीं चल रही है। मोदी जी की सरकार उद्योगपतियों के लिए चल रही है, बड़े-बड़े खरबपतियों के लिए के लिए चल रही है।

प्रियंका गांधी ने मंच से कहा कि उत्तर प्रदेश का बकाया दस हजार करोड़ है। मोदी जी ने दो हवाई जहाज खरीदे है। 16 हजार करोड़ में हवाई जहाज खरीदे हैं। पूरे देश का बकाया 15 हजार करोड़ है। संसद के सौंदर्यीकरण के लिए 20 हजार करोड़ रखे हैं। आपके बीमे से 26 हजार करोड़ गए उनके दोस्तों की जेब में।

उन्होंने किसानों से कहा कि आपने कई वर्षो से जुल्म सह लिए है। 215 किसान शहीद हुए। सरकार का एक भी सांसद संसद में खड़ा नही हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने आपका मजाक उड़ाया। किसान को परिजीवी कहा। आपको समझना पड़ेगा कि आपके पक्ष में है या हित में है। अब समय आ गया है आप जाग जाएं। अंत मे प्रियंका गांधी ने किसानों के शहीद होने पर दो मिनट का मौन रखवाया।

बता दें कि कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी, यूपी कांग्रेस अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू और अन्‍य वरिष्ठ नेताओं के साथ ट्रैक्टर पर बैठकर किसानों के बीच पहुंचीं।

यह भी पढ़ें- महापंचायत में बोलीं प्रियंका, योगीराज में दलित पीड़ितों को ही किया जा रहा प्रताड़ित