पंचायत में बोलीं प्रियंका, सरकार ने किया किसानों को प्रताड़ित, देशद्रोही कहकर उड़ाया गया मजाक

किसान पंचायत
कार्यक्रम को संबोधित करतीं प्रियंका गांधी।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/मुजफ्फरनगर। केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ शनिवार को यूपी के मुजफ्फरनगर में आयोजित किसान पंचायत को संबोधित करते हुए प्रियंका ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला है। प्रियंका ने कहा कि 90 दिनों से लाखों किसान दिल्ली के बाहर बैठे हैं। उन्होंने केंद्र को आड़े हाथ लेते हुए आरोप लगाया कि किसानों को प्रताड़ित किया गया, उन्हें देशद्रोही कहकर किसानों का मजाक उड़ाया।

प्रियंका गांधी आगे कहा कि, “यहां मुजफ्फरनगर में आना मेरा कर्तव्य है। हर नेता को अहसास होना चाहिए कि जनता आकर अहसान करती है। 90 दिनों से लाखों किसान दिल्ली के बाहर बैठे हुए हैं। 215 किसान शहीद हुए, बिजली और पानी की लाइन काटी गई। राजधानी की सीमा को देश की सीमा बना दिया गया। किसान को प्रताड़ित किया गया। इतना ही नहीं किसान को देशद्रोही कहा गया, प्रधानमंत्री ने संसद में उन्हें आंदोलनजीवी कहा, प्रधानमंत्री ने किसानों का मजाक उड़ाया।”

कांग्रेस महासचिव ने सरकार पर पूंजीपतियों का साथ देने का आरोप लगाते हुए कहा कि पूंजीपति मित्र हजारों करोड़ कमा रहे हैं। धीरे-धीरे सरकारी मंडियां बंद हो जाएंगी। प्राइवेट मंडियों के खुलने से पूंजीपतियों की चलेगी, जो चाहेंगे वो करेंगे। इस कानून के तहत आपकी सुनवाई नहीं है। आप अदालत नहीं जा सकते, आपको एसडीएम के पास जाना होगा। आप लड़ नहीं सकते, ये नए कानूनों में लिखा है।

प्रधानमंत्री बन गए अहंकारी राजा

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि पूरा देश नहीं पूरी दुनिया देख रही है। पुरानी कहानियों में अहंकारी राजा होता था, हमारे प्रधानमंत्री जी भी अहंकारी राजा बन गए हैं, जो जवान इस देश की सीमा की सुरक्षा पर तैनात है वो उस किसान का बेटा है। उनका सम्मान होना चाहिए, वो (पीएम मोदी) बताएं कि ये कानून किसान से पूछकर बनाया गया।

… मैं भी खुद्दार हूं

अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का जिक्र करते हुए प्रियंका ने किसान पंचायत में कहा कि आपने संघर्ष किया था तो मेरे पिता जी राजीव गांधी ने आपकी बातें मानी थीं। मेरे पिता जी ने आपको सम्मान दिया। मैं भी खुद्दार हूं, मैं गद्दारी नहीं करूंगी। मैं राजनीति के लिए मुंह दिखाने के लिए नहीं आई। मैं बार-बार आती रहूंगी। हम आपके साथ संघर्ष करेंगे। आप पीछे मत हटिए, इस सरकार को पीछे हटना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें- किसान महापंचायत में बोलीं प्रियंका, तीन कृषि कानून BJP के पूंजीपति मित्रों के लिए खोलेगा जमाखोरी के दरवाजे