योगी सरकार के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, उठाया महिला अपराध का मुद्दा

ममता चौधरी कांग्रेस
प्रदर्शन करते कांग्रेस नेताओं को रोकने की कोशिश करती पुलिस।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश में हो रहे महिला अपराध को लेकर कांग्रेस ने लखनऊ में आज प्रदर्शन किया। योगी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस से उनकी धक्‍का-मुक्‍की भी हुई।

यूपी कांग्रेस के प्रवक्ता सीपी राय ने बताया कि आज उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस मध्य जोन की अध्यक्ष ममता चौधरी के नेतृत्व में प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था खासकर महिला उत्पीड़न से जुड़ी घटनाओं के मुद्दों को लेकर प्रदेश की गूंगी-बहरी भाजपा की निरंकुश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं को पुलिस फोर्स ने बैरिकेड लगाकर रोक दिया गया, जिससे आक्रोशित महिलायें धरने पर बैठ गई और प्रदेश की योगी सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की।

सत्‍ता संरक्षण में अपराधों को दे रहें अंजाम: ममता चौधरी

इस अवसर पर यूपी महिला कांग्रेस मध्य जोन की अध्यक्ष ममता चौधरी ने कहा कि योगी सरकार में अपराधी आए दिन सत्‍ता के संरक्षण में अपराधों को अंजाम दे रहें हैं। कहीं भी कोई भी सुरक्षित नहीं है। महिलाओं का घर से निकलना दूभर हो गया है। आलम यह हो गया है कि पीड़ित महिलाओं की थानों में एफआइआर तक नहीं दर्ज की जा रही और यदि वह किसी तरह से मुकदमा दर्ज कराने में सफल भी हो जाती हैं तो उन्हें डराया-धमकाया जाता है।

यह भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव में बसपा के टिकट पर ताल ठोकने वाले शोभित पाठक समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल

भाजपा पर निशाना साधते हुए ममता ने यह भी कहा कि कई मामलों में तो यह भी सामने आया है कि बीजेपी कार्यकर्ता ही महिलाओं का उत्पीड़न कर रहें, लेकिन सत्ता संरक्षण की वजह से उन पर कोई उचित कार्रवाई नहीं हुई, बल्कि उन्हें चुनाव लड़ने का मौका भाजपा दे देती है।

प्रदर्शन में प्रदेश सचिव अर्चना सिंह राठौर, सुशीला शर्मा, प्रज्ञा सिंह, रिचा कौशिक, सैय्यदा तनवीर फातिमा, अनामिका यादव, सिद्धी श्री, विनीता राजवंशी, निर्मला चौधरी, शीला मिश्रा, जैनब हैदर, विभा त्रिपाठी, पूर्णिमा त्रिपाठी, कोमल कश्यप, रेहाना अंजुम, अनुभा पाण्डेय, मेहताब जायसी व सुषमा मिश्रा सहित अन्‍य कार्यकर्ता मौजूद रहीं।