सपा कार्यकर्ताओं से अखिलेश ने कहा, लोकतंत्र व संविधान को कमजोर कर रही भाजपा, रहना होगा बीजेपी की चालों से सावधान

अखिलेश यादव
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज एक बार फिर भाजपा सरकार को निशाने पर लिया है। सपा मुखिया ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान को कमजोर कर रही, लेकिन समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी और पीडीए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों के विरूद्ध षडयंत्रकारी रणनीति बनाने में जुटी है। हमें भाजपा की चालों से सावधान रहना है।

सपा अध्यक्ष ने आज पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ में एकत्र कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता देश में परिवर्तन करेगी। पीडीए जीतेगा और भाजपा हारेगी। समाजवादी पार्टी पीडीए भाजपा को उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर हरायेगा। भाजपा हटेगी तो देश खुशहाली के रास्ते पर जाएगा।

अखिलेश ने आगे कहा कि भाजपा सामाजिक सद्भाव को खत्म कर रही। उसने बाटो और राज करो की नीति अंग्रेजों से सीखी है। समाज में नफरत फैलाना भाजपा का एजेंडा है। भाजपा अपनी आदत से मजबूर है। मगर समाजवादी पार्टी गरीबों, नौजवानों, किसानों और महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए लड़ रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के बिना समाज में न सद्भाव रहेगा और न विकास का रास्ता प्रशस्त होगा।

भाजपा को हटाना जरूरी…

वहीं हमला जारी रखते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के समय हुए कामों का ही वह उद्घाटन का उद्घाटन और शिलान्यास का शिलान्यास कर रही। जो निर्माण कार्य समाजवादी सरकार में हुए उन पर अपने नाम के ठप्पा लगाने से बाज नहीं आ रही। लोकतंत्र बचाने के लिए भाजपा को हटाना जरूरी है। तभी बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का संविधान बच सकेगा। संविधान बचेगा तभी आरक्षण बचेगा। जातीय जनगणना होगी तभी समानुपातिक ढंग से सबको हक और सम्मान मिल सकेगा। लोकतंत्र, समाजवाद और पंथनिरपेक्षता की तभी गारंटी होगी।

जनता के आगे भाजपा कोई ताकत नहीं

इतना ही नहीं अखिलेश यादव ने कहा कि जनता के आगे भाजपा कोई ताकत नहीं। भाजपा सरकार में समाज का हर वर्ग महंगाई, भ्रष्टाचार तथा बेरोजगारी से त्रस्त है। लोग भाजपा सरकार से ऊबे हुए है और सभी लोग इंडिया-पीडीए को ताकत देने तथा भाजपा को शिकस्त देने का मन बना चुके हैं।

यह भी पढ़ें- बोले अखिलेश, संसद की सुरक्षा में चूक व्यवस्था के दरवाजे पर चेतावनी की दस्तक

वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आज पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में एकत्र कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता देश में परिवर्तन करेगी। पीडीए जीतेगा और भाजपा हारेगी। समाजवादी पार्टी पीडीए भाजपा को उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर हरायेगा। भाजपा हटेगी तो देश खुशहाली के रास्ते पर जाएगा।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का बीजेपी पर निशाना, संविधान की मूल भावना से भाजपा ने किया खिलवाड़