दो-तीन दिन में लुढ़केगा यूपी का पारा, बढ़ेगी ठिठुरन, मौसम विभाग ने जताया अनुमान

ठंड का सितम
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तराखंड में पहाड़ों पर गिरने वाली बर्फ के चलते ठंड बढ़ गयी है। मध्य यूपी व तराई के इलाकों में भी तापमान में चार से पांच डिग्री की गिरावट हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दो-तीन दिनों में पारा और लुढ़केगा। इसके चलते ठिठुरन बढ़ेगी, जो लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 17 से 21 दिसंबर तक पूरे यूपी का मौसम शुष्क रहेगा बादल भी छाये रहेंगे। कहीं-कहीं कोहरा भी पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने आज कहा है कि रविवार को हल्की धूप रहेगी, लेकिन सोमवार, मंगलवार और बुधवार को बादल छाये रहेंगे। जिससे ठंड का असर बढ़ेगा। जबकि मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। एक या दो स्थानों पर कोहरा भी रह सकता है। वहीं 48 घंटे बाद धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज होने की संभावना है।

यह भी पढें- ठंड में हुई झमाझम बारिश से भीगा लखनऊ, मिचौंग तूफान दिखाएगा असर

इसके अलावा पहले 48 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान एक या दो डिग्री सेल्सियस बढ़ने और उसके बाद दो से तीन डिग्री सेल्सियस गिरने की संभावना है। वहीं मेरठ, बरेली में 4.8 डिग्री, शाहजहांपुर में 7.2 डिग्री, बहराइच में आठ डिग्री, गाजीपुर में पांच डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें- लखनऊ सहित कई ज‍िलों में ठंडी हवाओं से मौसम में बदलाव, स्‍मॉग गहराया