लीबिया के समुद्र तट पर प्रवासियों से भरा जहाज डूबा, 61 की मौत

लीबिया में जहाज डूबा

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। उत्तर अफ्रीकी देश लीबिया में एक बार फिर से प्रवासियों को लेकर जा रहा एक जहाज हादसे का शिकार हो गया। जिससे जहाज में सवार करीब 61 लोगों की मौत हो गई है। अंतर्राष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) के मुताबिक, लीबिया समुद्री तट पर एक जहाज डूब गया। इस हादसे में महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 61 शरणार्थियों की डूबने से मौत हो गई।

संगठन के लीबिया कार्यालय ने रविवार तड़के हादसे में जिंदा बचे लोगों के हवाले से बताया कि जहाज पर करीब 86 लोग सवार थे। आइओएम के लीबिया कार्यालय ने एक बयान में कहा कि, ऐसा माना जाता है कि लीबिया के उत्तर-पश्चिमी तट पर ज़ुवारा से रवाना होने के बाद ऊंची लहरों के कारण प्रवासियों से भरा जहाज डूब गया। इस हादसे में ज्यादातर महिलाएं और बच्चों की मौत हुई है। जो नाइजीरिया, गाम्बिया और अन्य अफ्रीकी देशों के नागरिक थे।

यह भी पढें- बांग्लादेश-म्यांमार के तटीय इलाकों से टकराया सबसे ताकतवर चक्रवाती तूफान मोचा 250 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी हवा

आइओएम कार्यालय के मुताबिक, हादसे में करीब 25 लोगों को बचा लिया गया है, जिन्हें लीबिया के हिरासत केंद्र में भेज दिया गया है, जहां उनके स्वास्थ्य की जांच की गई। आइओएम के प्रवक्ता फ्लेवियो डि जियाकोमो ने एक्स पर बताया कि इस साल मध्य भूमध्यसागरीय प्रवासी मार्ग पर 2,250 से अधिक लोग मारे गए है।

उन्होंने कहा कि लोगों की संख्या बताती है कि समुद्र में लोगों की जान बचाने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। बता दें कि इससे पहले 14 जून 2023 को लीबिया से इटली जा रही शरणार्थियों से भरी एक नौका दक्षिण-पश्चिमी ग्रीस के पास समुद्र में पलट गई थी। इस नाव में 750 शरणार्थी सवार थे।

यह भी पढ़ें- जापान में हैजीबिस तूफान का कहर, 26 मरे, 175 घायल