पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक में घुसी तेज रफ्तार अर्टिगा, तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत

दर्दनाक हादसा
हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिस।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/सुल्तानपुर। सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को देने के साथ ही राहत बचाव कार्य शुरू किया। मौके पर पहुंची पुलिस व राहत-बचाव टीम ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

मिली जानकारी के मुताबिक अर्टिगा कार में कुल छह लोग सवार थे और सभी लखनऊ से देवरिया की ओर जा रहे थे। बुधवार भोर में करीब पांच बजे तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षाकर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया गया।

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, झपकी आने से ये हादसा हुआ। कार की रफ्तार करीब सौ किमी प्रति घंटे रही होगी। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 97.500 के पास हुआ। वहीं हादसे में मृतकों की पहचान देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान देवरिया के लार थाना क्षेत्र के लखौरा निवासी आनंद यादव (23), तैयर बुजुर्ग निवासी राजू यादव (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जमुनी निवासी जयंतो शर्मा (30) के रूप में हुई है। तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें- UP में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने रोडवेज बस को मारी टक्कर, छह यात्रियों की मौत, 15 घायल

घायल जयंतो शर्मा ने बताया, ”हम लोग सो रहे थे। कार की टक्कर हुई तो नींद खुली। देखा तो कार ट्रक में घुसी हुई थी और हमारे साथी खून से लथपथ थे। राहगीरों ने हम लोगों को दरवाजा तोड़कर निकाला।” हादसे की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो-कार व ट्राले से टकराईं ट्रक, 11 की मौत