सपा मीडिया सेल संचालक गिरफ्तार, पुलिस हेडक्वार्टर पहुंचे अखिलेश, चाय ठुकराई

अखिलेश यादव
पुलिस हेडक्वार्टर पहुंचे अखिलेश।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। लम्बे समय से समाजवादी पार्टी और भाजपा की मीडिया सेल के बीच चल रहे विवाद के बाद सपा मीडिया सेल के ट्विटर के संचालक मनीष जगन अग्रवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। संचालक को हजरतगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कथित तौर पर मनीष जगन अग्रवाल पर ट्विटर हैंडल के जरिए अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है। इसके चलते ही उन पर हजरतगंज कोतवाली में मुकदमें दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी के विरोध में यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज पुलिस मुख्यालय पहुंचे हैं। वहीं सपाईयों ने गिरफ्तारी के विरोध में पुलिस मुख्‍यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया।

वहीं अपनी पार्टी के कार्यकर्ता की गिरफ्तारी से नाराज अखिलेश यादव ने पुलिस मुख्यालय में यूपी पुलिस की चाय पीने से इनकार कर दिया है। अखिलेश ने कहा कि मुझे भरोसा नहीं है। चाय में जहर दे सकते हैं। मैं पुलिस मुख्यालय में चाय नहीं पियूंगा। उन्होंने कहा,”हम यहां की चाय नहीं पियेंगे। हम अपनी (चाय) लाएंगे, कप आपका ले लेंगे।

अखिलेश यादव ने कहा, “चाय हम मंगा लेंगे बाहर से। कैफेटेरिया से मंगा लेंगे। आप मत मंगाइए या हम अपनी लाएंगे। हम नहीं पी सकते हैं। जहर दे दोगे तब? हमें भरोसा नहीं है। हम बाहर से मंगा लेंगे चाय। आप भी पीजिए, हम भी पिएंगे। आप अपनी पीजिए… हम अपनी।”

यह भी पढ़ें- दलित-पिछड़ों को नहीं मिल रहा आरक्षण, विदेश में छात्रों को सम्मान दिलाने का दावा कर रही भाजपा सरकारः अखिलेश

दरअसल भाजपा युवा मोर्चा की सोशल मीडिया प्रभारी ने एफआइआर कराई थी। बताया जा रहा है कि मनीष जगन अग्रवाल सपा का टि्वटर अकाउंट हैंडल करते थे और वह सीतापुर के रहने वाले है। छह जनवरी को लखनऊ में भाजपा युवा मोर्चा की सोशल मीडिया इंचार्ज डॉ. ऋचा राजपूत ने समाजवादी पार्टी मीडिया सेल नाम के टि्वटर हैंडल पर रेप और जान से मारने की धमकी दिए जाने का मुकदमा दर्ज करवाया था।

ऋचा राजपूत ने अपने साथ कुछ भी होने की स्थिति में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को जिम्मेदार बताया था। बीजेपी युवा मोर्चा की सोशल मीडिया प्रभारी ऋचा राजपूत ने अपनी शिकायत में कहा था कि उन्हें समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से जान से मारने और बलात्कार की धमकी दी जा रही है। अगर उन्हें कुछ होता है तो उसकी जिम्मेदारी अखिलेश यादव की होगी। ऋचा की शिकायत पर लखनऊ पुलिस ने हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया था।

यह भी पढ़ें- भाजपा सरकार में अन्याय, महंगाई-भ्रष्टाचार ने किया जनता का जिंदा रहना मुश्किल: अखिलेश