आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान की फिर मुश्किल बढ़ने वाली है। प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को आजम खान और उनसे जुड़े मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्रवाई की है। ईडी के लखनऊ जोनल ऑफिस ने रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की जमीन और इमारतों को अस्थायी रूप से अटैच किया है। इन संपत्तियों की मौजूदा बाजार कीमत करीब 1,170 करोड़ रुपये है।
यह भी पढ़ें- आजम खान व जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े लोगों के दस ठिकानों पर ED की छापेमारी
ईडी की ये कार्रवाई 426.46 करोड़ रुपये के कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट, आजम खान और अन्य के खिलाफ चल रही जांच के तहत की गई है। ईडी के अनुसार जांच में यूनिवर्सिटी परिसर के निर्माण पर कुल 499.09 करोड़ रुपये की लागत का आकलन किया गया। एजेंसी का कहना है कि मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट करीब 72.63 करोड़ रुपये के खर्च के वैध स्रोतों की ही जानकारी दे सका। ईडी ने बाकी 426.46 करोड़ रुपये की राशि को अपराध से अर्जित आय यानी Proceeds of Crime बताया है। इसी आधार पर एजेंसी ने यूनिवर्सिटी की जमीन और इमारतों को प्रोविजनली अटैच करने की कार्रवाई की।
सरकारी धन के डायवर्जन के आरोपों की भी जांच
ये कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत की गई है। जांच का दायरा मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट, आजम खान और अन्य संबंधित लोगों से जुड़ा है। ईडी सरकारी काम और सरकारी धन के डायवर्जन के आरोपों की भी जांच कर रही है। एजेंसी के मुताबिक जांच के दौरान यूनिवर्सिटी के निर्माण और उसमें इस्तेमाल की गई धनराशि के स्रोतों की पड़ताल की गई। जांच में सामने आए वित्तीय अंतर को कार्रवाई का आधार बताया गया है।
संपत्तियों की बाजार कीमत करीब…
ईडो के अनुसार अटैच की गई जमीन और इमारतों की मौजूदा बाजार कीमत करीब 1,170 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह बाजार मूल्य और कथित अपराध से अर्जित आय की राशि अलग-अलग आंकड़े हैं। एजेंसी ने 426.46 करोड़ रुपये को कथित अपराध से अर्जित आय बताते हुए संपत्तियों को अटैच किया है। साथ ही कहा है कि मामले में आगे की जांच जारी है। प्रोविजनल अटैचमेंट एजेंसी की कार्रवाई है और इसे अपने आप में आरोपों पर अंतिम न्यायिक फैसला नहीं माना जा सकता। मामले में संबंधित पक्षों की कानूनी स्थिति और आगे की कार्रवाई जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया के तहत तय होगी।




















